बेगूसराय, 09 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के सफल संचालन को लेकर सोमवार से बेगूसराय में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। जिला पदाधिकारी सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के मार्गदर्शन में डीआरडीए सभागार में जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों और कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
तीन बैचों में 17 मार्च तक चलेगा प्रशिक्षण: यह प्रशिक्षण 09 मार्च से 17 मार्च 2026 तक तीन अलग-अलग बैचों में आयोजित किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में जिला नोडल प्रशिक्षक अमर ज्योति कुमार और प्रशिक्षक श्वेता सिन्हा जनगणना के तकनीकी और प्रक्रियात्मक पहलुओं की जानकारी दे रहे हैं।
जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी: अधिकारियों ने बताया कि इस बार जनगणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। प्रथम चरण में 2 मई से 31 मई 2026 तक मकान सूचीकरण किया जाएगा, जबकि दूसरा चरण 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। साथ ही नागरिकों को 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक स्वगणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं जानकारी दर्ज करने की सुविधा भी दी जाएगी।
64 कर्मियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण: प्रशिक्षण के प्रथम बैच में जिला स्तर के 64 कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि जनगणना कार्य का सटीक और त्रुटिरहित क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर जिला जनगणना अधिकारी पूजा कुमारी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।








Total views : 73275