जमुई, 30 सितंबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2025 के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-डीएम नवीन ने मतदाता सूची जारी करते हुए बताया कि अब जिले में कुल 12,67,825 मतदाता हैं।
पुरुष, महिला और थर्ड जेंडर मतदाता: प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार पुरुष मतदाता 6,63,668, महिला मतदाता 6,04,140 और थर्ड जेंडर मतदाता 17 हैं। जिले का निर्वाचक लिंगानुपात 910 और निर्वाचक जनसंख्या अनुपात 0.59 दर्ज किया गया है।

9,731 नाम विलोपित, 29,348 नए नाम जोड़े गए: डीएम ने बताया कि प्रारूप सूची पर प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों का निपटारा निर्वाचक पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा कर लिया गया है। इस प्रक्रिया में 9,731 अपात्र मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए, जबकि 29,348 नए मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया।
ऑनलाइन उपलब्ध है मतदाता सूची: डीएम नवीन ने कहा कि अंतिम मतदाता सूची बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। आम मतदाता ऑनलाइन सूची देख सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन योग्य लोगों का नाम सूची में दर्ज नहीं हुआ है, वे सतत अद्यतन के तहत फॉर्म-06 के माध्यम से नाम जुड़वा सकते हैं।
राजनीतिक दलों को निःशुल्क प्रतियां वितरित: समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को मतदाता सूची की मुद्रित प्रतियां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केशरी, जदयू जिलाध्यक्ष शैलेंद्र महतों, राजद जिलाध्यक्ष त्रिवेणी यादव समेत कई प्रतिनिधि शामिल हुए।
डीएम ने टीम को साधुवाद दिया: डीएम ने कहा कि वर्ष 2025 में जिले की अनुमानित आबादी 21,61,760 है। इसी आधार पर गहन पुनरीक्षण कर मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। उन्होंने निर्धारित समय पर कार्य पूरा करने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को साधुवाद दिया।बैठक में एसपी विश्वजीत दयाल, डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, एडीएम रविकांत सिन्हा, एसडीएम सौरभ कुमार, डीपीआरओ वीरेंद्र कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. नजरूल हक समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।







Total views : 63124