मटिहानी वारियर्स ने नौला नाइटराइडर्स को 58 रन से दी करारी शिकस्त
बेगूसराय | 30 दिसंबर 2025 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के गांधी स्टेडियम में खेले गए बेगूसराय प्रीमियर लीग (BPL) सीजन-9 के चौथे मुकाबले में मटिहानी वारियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नौला नाइटराइडर्स को 58 रनों से पराजित किया।
पहले बल्लेबाजी में मटिहानी का दमदार प्रदर्शन: टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मटिहानी वारियर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए। इस दौरान अनमोल रवि ने शानदार 66 रन की पारी खेली, जबकि सचिन ने 22 रन का योगदान दिया। वहीं नौला नाइटराइडर्स की ओर से गेंदबाजी में कमलेश और वीरेंद्र ने 2-2 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए नौला की टीम लड़खड़ाई: 162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नौला नाइटराइडर्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर मात्र 104 रन ही बना सकी।नौला की ओर से संभव सिंह ने सर्वाधिक 41 रन बनाए।मटिहानी वारियर्स की गेंदबाजी में प्रेम ने 3 विकेट, जबकि सुमित और अजिंक्य ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने पहुंचे विधायक रजनीश सिंह: मैच से पूर्व तेघरा विधायक रजनीश सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “बेगूसराय के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। खिलाड़ी लगातार जिले और राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। मेरी शुभकामनाएं आप सभी के साथ हैं।” उन्होंने बेगूसराय प्रीमियर लीग के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति के सभी सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया।
आयोजन से जुड़े प्रमुख लोग रहे मौजूद: इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश, संयोजक निराला कुमार, मुख्य निर्णायक शाहिद अख्तर एवं विश्वजीत कुमार तथा स्कोरर रामकुमार उपस्थित रहे। जिला क्रिकेट संघ के मीडिया प्रभारी विवेक कुमार ने जानकारी दी कि BPL सीजन-9 का अगला मुकाबला 2 जनवरी 2026 को बरौनी सुपर किंग्स बनाम बेगूसराय चैलेंजर्स के बीच खेला जाएगा।






Total views : 68970










