
बेगूसराय। 20 मई, 2025
वर्षो की प्रतीक्षा के बाद 20 जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बेगूसराय जिले में 236.85 करोड़ की लागत से बने नवनिर्मित एसटीपी एंड सिवरेज नेटवर्क प्लांट का उदघाटन किया गया। यह प्लांट लाखो पंचायत अंतर्गत राजा डुमरी में नमामी गंगे परियोजना अंतर्गत बना है जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री ने विडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से किया।

उदघाटन कार्यक्रम में खेल मंत्री बिहार सरकार-सह-बछवाड़ा विधायक सुरेन्द्र मेहता, जिला पदाधिकारी बेगूसराय तुषार सिंगला, विधायक बेगूसराय कुंदन कुमार, महापौर नगर निगम पिंकी देवी, उपमहापौर नगर निगम अनिता राय, नगर आयुक्त नगर निगम सोमेश बहादुर माथुर, अनुमंडल पदाधिकारी बेगूसराय सदर, बुडको के महाप्रबंधक लक्ष्मण कुमार, परियोजना निदेशक, तोशिबा के परियोजना पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। इस अवसर पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को मोमेटों देकर सम्मानित किया गया।

प्रधानमंत्री के उदघाटन के उपरांत खेल मंत्री एवं जिला पदाधिकारी द्वारा सिवरेज ट्रिटमेंट प्लांट को चालू किया गया। साथ ही पूरे प्लांट का निरीक्षण भी किया गया। मौके पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि बेगूसराय जिला औद्योगिक नगरी है, बेगूसराय बिहार के बड़े शहरों में जाना जाता है। सीवरेज ट्रिटमेंट प्लांट किसी भी बड़े शहर के लिए महत्वपूर्ण होता है, जिसका आज प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि 236.85 करोड़ की लागत से बने एसटीपी की क्षमता 17 एमएलडी प्रत्येक दिन है। साथ ही 95 किलोमीटर सिवरेज लाईन पूरे शहर में लगाई गई है। यहां से सिवरेज ट्रिटमेंट करके पानी को सीमा प्वांइट पर डंप किया जायेगा, ताकि गंगा नदी में जा सके एवं जो मलगाद है उसे कंपोस्ट पीट बनाया जायेगा, जो किसानों के लिए लाभकारी होगा।

उन्होंने कहा कि अब गंगा में सीधे प्रदूषित पानी नहीं जायेगी, उसे ट्रिटमेंट करके गंगा में प्रवाह किया जायेगा। यह ट्रिटमेंट प्लांट शहरवासियों के साथ-साथ पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बुडको के पदाधिकारियों को जल्द से जल्द हाउस होल्ड कनेक्शन कर दूषित गंदे जल का ट्रीटमेंट कर निष्पादित करने का निदेश दिया। खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता ने कहा कि आज बेगूसराय जिले के लिए स्वर्णिम क्षण है, आज प्रधानमंत्री जी द्वारा सिवरेज ट्रिटमेंट प्लांट का उदघाटन करना यह साबित करता है कि बेगूसराय जिला ही नहीं बिहार लगातार प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है।

बता दें कि बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र में 95.11 किलोमीटर पाईपलाईन नेटवर्क, 3.60 एमएलडी क्षमता का 01 अदद आईपीएस तथा 17 एमएलडी क्षमता का 01 अदद एसटीपी का निर्माण कराया गया है। उक्त एसटीपी के निर्माण से शहरी क्षेत्र के 20000 घरों के दूषित जल का ट्रीटमेंट/प्रसंस्करण किया जायेगा तदोपरान्त निष्कर्सित जल का उपयोग सिंचाई एवं अन्य कार्यों में किया जा सकेगा। जिससे गंगा नदी में दूषित/गंदे पानी का प्रवाह नहीं होगा एवं गंगा नदी को स्वच्छ एवं अविरल रखा जा सकेगा। वर्तमान में वर्तमान में बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र के 38, 42,43 एवं 48 कुल 4 वार्डो को सिबरेज ट्रिटमेंट प्लांट से जोड़ा गया है। जल्द ही पूरे शहर को इससे जोड़ दिया जायेगा।