बेगूसराय | 4 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा बिहार की लड़कियों को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान को लेकर बिहार में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। आम आदमी पार्टी, बेगूसराय के संयोजक डॉ. जितेंद्र राय ने इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे न केवल बिहार की महिलाओं, बल्कि पूरे महिला समाज का अपमान बताया।
बीमार मानसिकता का परिचायक है बयान: डॉ. जितेंद्र राय ने कहा कि महिलाओं को पैसे में तौलने वाली सोच एक बीमार और पिछड़ी मानसिकता की उपज है। इस तरह के बयान समाज में महिलाओं के सम्मान और आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि यह बयान देने वाले की अज्ञानता को दर्शाता है, जिन्हें न तो बिहार के गौरव का ज्ञान है और न ही बिहारी महिलाओं की उपलब्धियों की समझ।
बिहार की महिलाओं ने देश को किया है गौरवान्वित: उन्होंने कहा कि बिहार की धरती ने ऐसी अनेक महान महिलाओं को जन्म दिया है, जिन्होंने अपने कार्यों से न केवल राज्य बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उदाहरण के तौर पर उन्होंने भारत की पहली महिला लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार का उल्लेख किया, जिनके नेतृत्व और योगदान ने भारतीय राजनीति में नए आयाम स्थापित किए।
महान विभूतियों की लंबी परंपरा: डॉ. राय ने कहा कि इस गौरवशाली सूची में पद्मश्री दुलारी देवी, पद्म विभूषण शारदा सिन्हा, मृदुला सिन्हा, पद्मश्री डॉ. शांति राय सहित अनेक नाम शामिल हैं, जिन्हें किसी परिचय की आवश्यकता नहीं है। इन सभी महिलाओं के कार्यों ने बिहार और देश का मान बढ़ाया है।
सार्वजनिक माफी की मांग: डॉ. जितेंद्र राय ने मांग की कि मंत्री पति गिरधारी लाल साहू को पहले बिहार की इन महान महिलाओं के योगदान के बारे में गंभीरता से अध्ययन करना चाहिए और उसके बाद सार्वजनिक रूप से बिहार की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही, उन्हें यह आश्वासन भी देना चाहिए कि भविष्य में वे महिलाओं को लेकर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक बयानबाजी नहीं करेंगे।







Total views : 68941










