नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ – बेगूसराय। 3 दिसंबर 2025।
बेगूसराय में देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 141वीं जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने राजेंद्र बाबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इसी क्रम में चित्रांश मंच द्वारा बड़ी पोखर स्थित चित्रगुप्त सामुदायिक भवन में भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. राजेंद्र प्रसाद की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद वक्ताओं ने राजेंद्र बाबू के सरल, सादगीपूर्ण और प्रेरणादायी व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। नगर की उपमेयर अनीता राय ने कहा कि “यह दुखद है कि हम अपने महापुरुषों को भूलते जा रहे हैं और उन्हें जातियों में बाँट रहे हैं। महापुरुष पूरे देश के होते हैं।” उन्होंने सदर अस्पताल से राजेंद्र बाबू का नाम हटाए जाने पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की और कहा कि यदि नाम पुनः अंकित कराने के लिए संघर्ष समिति बनती है तो वे उसका नेतृत्व करने को तैयार हैं।

वार्ड पार्षद उमेश राय ने भी कहा कि राजेंद्र बाबू को किसी एक जाति का नेता मानना गलत है, जबकि वे पूरे भारत के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
अधिवक्ता दीपक सिन्हा ने राजेंद्र बाबू को विलक्षण प्रतिभा का धनी बताते हुए कहा कि “भारत का संविधान उनकी ही देन है, उन्होंने अपने विवेक, बुद्धिमत्ता और नेतृत्व से देश की नींव मजबूत की।”

समाजसेवी दिलीप सिन्हा ने सदर अस्पताल से उनके नाम हटाए जाने को दुःखद बताते हुए सरकार से इसे पुनः स्थापित करने की मांग की। संस्कृत विद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि “जीरादई के साधारण गांव से निकलकर राष्ट्रपति पद तक का सफर राजेंद्र बाबू की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम है।”

अधिवक्ता राजेश सिन्हा ने भी उनके व्यक्तित्व को राष्ट्र का अनुपम गौरव बताते हुए शत-शत नमन किया।

कार्यक्रम में चित्रांश मंच के संजीव कुमार द्वारा उपस्थित सभी गणमान्यों को राजेंद्र बाबू का तैलचित्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन चित्रांश मंच के अध्यक्ष संजीत कुमार श्रीवास्तव ने किया। मौके पर चित्रांश मंच के जितेंद्र कुमार, अमन वर्मा, श्रुति वर्मा, राजीव कुमार मुन्ना, संदीप सिन्हा, कविता कुमारी, सोनाक्षी कुमारी, गौरव दीक्षित सहित कई लोग उपस्थित रहे।







Total views : 63130