
जमुई। 2 मई 2025/ निरंजन कुमार
नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। जमुई के अतिथि गृह में उन्होंने कहा कि बिहार को टायर्ड मुख्यमंत्री और रिटायर्ड अधिकारी की जरूरत नहीं है। थके हुए मुख्यमंत्री की क्रिया- कलापों से आप सभी अवगत हैं। उनसे बिहार नहीं संभल रहा है। 20 साल और 11 साल में बिहार बदहाली की स्थिति में पहुंच गया है। लूट, हत्या, डकैती प्रतिदिन नया कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा आदि मूलभूत जरूरतें मुंह बाए खड़ी है। पलायन सुरसा की तरह मुंह बड़ा करता जा रहा है। जनता बेबसी की दौर से गुजर रही है। बिहार बदलाव चाहता है। आसन्न विधानसभा चुनाव में बिहार को बदलने में आप सभी लोग सहयोग करें। हम आपको भयमुक्त माहौल देने का काम करेंगे। आप लोग नया बिहार बनाने के लिए एक साथ मिलकर हमें मौका दीजिए, हम आपको नया बिहार बनाकर देंगे। उन्होंने कहा कि 17 महीने के महागठबंधन सरकार ने बिहार में व्यापार और व्यापारियों को आगे बढ़ने का मौका दिया, जहां 50 हजार करोड़ का निवेश हुआ। वहीं पांच लाख से ऊपर लोगों को सरकारी नौकरियां दी गई, जिसमें सभी वर्गों और समाज के लोगों को नौकरी मिली। 3.50 लाख रिक्तियां छोड़कर आये थे, उसे भी डबल इंजन सरकार भर नहीं पाई है। तेजस्वी यादव वैश्य समाज की चर्चा करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार व्यवसायियों के खिलाफ काम कर रही है। चाहे जीएसटी का मामला हो या अन्य तरह के टैक्स का मामला हो, आर्थिक रूप से केन्द्र और राज्य सरकार इस समाज का दोहन कर रही है। समाज को लगातार प्रताड़ित किए जाने से हमें पीड़ा हो रही है। आप हमें पांच साल मौका दें, हम बिहार बदलने के लिए संकल्पित हैं। मौके पर विधान पार्षद अजय कुमार सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, पूर्व मंत्री विजय प्रकाश, पूर्व विधायिका सावित्री देवी, राजद जिलाध्यक्ष त्रिवेणी यादव, राजद के पूर्व प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद यादव, मुकेश यादव, रविन्द्र मंडल, मो. शमशाद, रामदेव यादव, मो. इरफान, विजय शंकर यादव, काजू यादव, अमर कुमार भगत, मुकेश कुमार भगत, मो. सलामूल, बबलू गोप, नगर पार्षद मो. फिरोज उर्फ डीशू समेत कई राजद नेता संवाद कार्यक्रम में उपस्थित थे।