बेगूसराय, 07 अप्रैल 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
मंगलवार को जीडी कॉलेज के प्रशासनिक भवन के समक्ष एनएसयूआई छात्र संगठन के बैनर तले रोषपूर्ण आंदोलन किया गया। आंदोलन का नेतृत्व संगठन अध्यक्ष राजा कुमार ने किया। छात्र हितों को लेकर 15 सूत्री मांगों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
आंतरिक परीक्षा छूटने पर जताई चिंता: प्रदर्शन के दौरान प्रमुख मुद्दा स्नातक सत्र 2024-28 के कई छात्रों की आंतरिक परीक्षा छूट जाने का रहा। इस पर संगठन ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्थिति छात्रों के भविष्य के लिए गंभीर है। राजा कुमार ने बताया कि इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति से बातचीत हुई है, जिन्होंने वंचित छात्रों की परीक्षा लेने का निर्देश कॉलेज प्रशासन को दिया है। हालांकि, आरोप है कि प्राचार्य और कुछ विभागाध्यक्ष इस निर्देश को लागू करने में उदासीनता दिखा रहे हैं।
पक्षपात के आरोप और प्राचार्य का घेराव: छात्र संगठन ने आरोप लगाया कि कुछ प्रोफेसरों द्वारा अपने निजी छात्रों की परीक्षा निर्धारित समय के बाद भी ली गई, जो स्पष्ट रूप से पक्षपात को दर्शाता है। एनएसयूआई सचिव पवन कुमार ने बताया कि संगठन ने लगभग 4 घंटे तक प्राचार्य का घेराव किया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी कई बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
बुनियादी सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर उठे सवाल: संगठन ने कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर भी सवाल उठाए। मांगों में कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति कर आंतरिक मार्कशीट समय पर विश्वविद्यालय पोर्टल पर अपलोड करने, कॉलेज वेबसाइट पर नियमित नोटिस जारी करने, और गर्ल्स हॉस्टल को चालू करने की बात शामिल है। इसके अलावा, भीषण गर्मी में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर भी नाराजगी जताई गई।
उग्र आंदोलन की चेतावनी: पवन कुमार ने कहा कि संगठन शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहा है, लेकिन यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।प्रदर्शन में कॉलेज उपाध्यक्ष ऋषभ कुमार, कॉमर्स अध्यक्ष अंकित कुमार, कॉलेज सचिव रोहित कुमार, रिशु कुमार, कन्हैया कुमार सहित दर्जनों छात्र उपस्थित रहे।







Total views : 78918