अफवाहों से घबराकर गैस बुकिंग बढ़ी, लेकिन पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध: डीएम
बेगूसराय | 11 मार्च 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
मध्य पूर्व (खाड़ी देशों) में उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियों के मद्देनजर बेगूसराय जिला प्रशासन ने पेट्रोलियम पदार्थों और एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री और पुलिस अधीक्षक मनीष की संयुक्त अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी महेश्वर प्रसाद सिंह के साथ-साथ HPCL, BPCL, IOCL और थिंक गैस के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और संभावित भीड़ की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
अफवाहों के कारण बढ़ी गैस बुकिंग: बैठक के दौरान डीएम श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पर निगरानी और सख्त की जाएगी। उन्होंने सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर आपूर्ति की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।आईओसीएल के नोडल पदाधिकारी निशिकांत ने बताया कि उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के लगभग डेढ़ दिन के भीतर एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि पहले जहां प्रतिदिन लगभग 8 हजार सिलेंडर वितरित किए जाते थे, वहीं अब प्रतिदिन करीब 14 हजार सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है। सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के कारण अचानक बुकिंग बढ़ने से एजेंसियों पर भीड़ बढ़ गई है।
पाइपलाइन गैस की आपूर्ति सामान्य: थिंक गैस के नोडल पदाधिकारी विजय कांत तिवारी ने बैठक में बताया कि पाइपलाइन के माध्यम से गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। वहीं HPCL और BPCL के प्रतिनिधियों ने भी स्पष्ट किया कि घरेलू गैस की आपूर्ति में किसी तरह की कमी नहीं है और वितरण सामान्य रूप से जारी है।
जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक मनीष ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर संभावित भीड़ की स्थिति में कानून व्यवस्था बनाए रखें। जरूरत पड़ने पर पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति पेट्रोलियम पदार्थों या एलपीजी गैस की जमाखोरी या कालाबाजारी करते पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील: जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में एलपीजी गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।








Total views : 73772