बेगूसराय, 04 फरवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के सुचारु, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। समिति ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
एक घंटा पहले पहुंचना अनिवार्य: जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जानकारी दी कि सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम एक घंटा पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। वहीं परीक्षा शुरू होने के आधा घंटा पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा।
जबर्दस्ती प्रवेश पर आपराधिक मामला: निर्देशों के अनुसार, यदि कोई परीक्षार्थी गेट बंद होने के बाद चहारदीवारी फांदकर, जबरन प्रवेश करने या किसी अन्य अनधिकृत तरीके से परीक्षा केंद्र में घुसने का प्रयास करता है, तो इसे आपराधिक घुसपैठ (Criminal Trespass) माना जाएगा।
दो साल का निष्कासन और FIR: ऐसे मामलों में संबंधित परीक्षार्थी को परीक्षा से दो वर्षों के लिए निष्कासित किया जाएगा। साथ ही उसके विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई जाएगी, जिससे उसका शैक्षणिक भविष्य गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है।
कर्मियों पर भी होगी कार्रवाई: यदि किसी परीक्षा केंद्र पर केंद्राधीक्षक या अन्य प्रतिनियुक्त कर्मी नियमों की अनदेखी करते हुए परीक्षार्थियों को अवैध रूप से प्रवेश देते पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध निलंबन सहित विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
छात्रों और अभिभावकों से अपील: बेगूसराय जिला प्रशासन ने सभी छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा के दिन समय का विशेष ध्यान रखें और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा जारी सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन करें। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता से परीक्षार्थियों का भविष्य खतरे में पड़ सकता है।






Total views : 68993










