बेगूसराय। 11 नवंबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
बेगूसराय के गांधी स्टेडियम में मंगलवार को राज्यस्तरीय (अंतर प्रमंडल) विद्यालय कबड्डी बालिका प्रतियोगिता (अंडर-14, 17 एवं 19 आयु वर्ग) का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग, बिहार सरकार, पटना तथा जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

🎇 उद्घाटन समारोह में गरिमा पूर्ण उपस्थिति : कार्यक्रम का उद्घाटन सहायक समाहर्ता अजय कुमार यादव, वरीय उपसमाहर्ता सुश्री पूजा कुमारी, एडीएम पीजीआरओ मो. शकील आलम, आईसीडीएस निदेशक रश्मि कुमारी, सामाजिक सुरक्षा कोषांग की निदेशक सुश्री नेहा कुमारी, एवं जिला खेल पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने दीप प्रज्वलित कर एवं गुब्बारे उड़ाकर किया। सहायक समाहर्ता यादव ने कहा कि “कबड्डी भारत की पहचान है और बिहार सरकार खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन दे रही है।” वहीं वरीय उपसमाहर्ता पूजा कुमारी ने कहा कि “आज बेटियां खेल के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।”

🏅 नौ प्रमंडलों की 350 से अधिक खिलाड़ी मैदान में : जिला खेल पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में बिहार के मुंगेर, दरभंगा, कोसी, पूर्णिया, पटना, तिरहुत, मगध, सारण, भागलपुर प्रमंडलों की टीमें तथा कबड्डी एकलव्य सेंटर, बिहार की टीम शामिल है।कुल लगभग साढ़े तीन सौ खिलाड़ी इसमें भाग ले रही हैं।

🤾♀️ पहले दिन के रोमांचक मुकाबले : पहले दिन के परिणाम इस प्रकार रहे —अंडर-14 वर्ग: मुंगेर ने दरभंगा को 34-13, पटना ने तिरहुत को 27-17, कोसी ने भागलपुर को 35-22, सारण ने मगध को 37-09 और दरभंगा ने पूर्णिया को 35-20 से हराया। अंडर-17 वर्ग: मुंगेर ने दरभंगा को 38-08, तिरहुत ने पटना को 30-16, कोसी ने भागलपुर को 21-17, सारण ने मगध को 27-13 से मात दी। अंडर-19 वर्ग: पटना ने तिरहुत को 47-41, सारण ने भागलपुर को 35-05, कोसी ने पूर्णिया को 28-06 और मुंगेर ने दरभंगा को 43-13 से हराया।

👩⚖️ रेफरी और आयोजन समिति : अंतरराष्ट्रीय कबड्डी रेफरी राणा रणजीत सिंह, श्याम नंदन सिंह, सुभाष कुमार, अरुण कुमार, जयशंकर चौधरी, मोनिका कुमारी एवं पवन कुमार ने मैचों का संचालन किया।सेलेक्टर के रूप में अंकिता कुमारी एवं नव्या कुमारी उपस्थित रहीं।
🏆 बुधवार को खेले जाएंगे अगले दौर के मुकाबले : जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता लीग-नॉकआउट आधार पर खेली जा रही है। दोनों पूलों से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। बुधवार को सुबह 8 बजे से अगले दौर के मैच खेले जाएंगे। आयोजन में शारीरिक शिक्षकों एवं खेल प्रशिक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा। प्रतियोगिता का संचालन रंधीर कुमार ने किया।





Total views : 75895