नेशनल पॉजिटिव न्यूज़। बेगूसराय डेस्क | 26 नवंबर 2025
बेगूसराय। जी.डी कॉलेज, बेगूसराय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और सेहत केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस तथा 26/11 मुंबई आतंकी हमले के शहीदों की स्मृति में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने भारतीय संविधान की शपथ लेते हुए लोकतंत्र की रक्षा, राष्ट्रीय एकता और कर्तव्य-पालन के संकल्प को दोहराया। साथ ही 26 नवंबर 2008 के मुंबई हमले में शहीद हुए जवानों और नागरिकों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन : कार्यक्रम की शुरुआत संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुई।सेहत केंद्र की नोडल अधिकारी एवं NSS यूनिट-1 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सहर अफ़रोज़ ने छात्रों को संविधान की विशेषताओं, नागरिकों के अधिकारों और मूल कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय की गारंटी देता है। इसका पालन करना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।” साथ ही उन्होंने 26/11 को भारतीय इतिहास का दर्दनाक अध्याय बताते हुए कहा कि इस हमले ने देश को आतंकवाद के खिलाफ और अधिक मजबूत होकर खड़े होने की प्रेरणा दी।
“हमारा संविधान—हमारी जिम्मेदारी” पर विशेष विमर्श : कार्यक्रम में आयोजित विशेष विमर्श में NSS यूनिट-2 के कार्यक्रम पदाधिकारी दिनेश कुमार ने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की राजनीतिक-सामाजिक दिशा निर्धारित करने वाली आधारशिला है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस और 26/11 की संयुक्त स्मृति हमें हर वर्ष अपनी राष्ट्रीय जिम्मेदारियों और समर्पण की याद दिलाती है।पियर एडुकेटर सुमित कुमार ने कहा कि संविधान का अंगीकरण हमें हमारे कर्तव्यों की याद दिलाता है, जबकि 26/11 का हमला राष्ट्रीय सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करता है। “दोनों ही अवसर हमें एकजुट होकर देशहित में कार्य करने का संदेश देते हैं।”
योगेंद्र सहनी और प्रो. अभिषेक ने युवाओं को प्रेरित किया: राजनीतिक विज्ञान के सहायक प्रो. योगेंद्र सहनी और प्रो. अभिषेक ने छात्रों को लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा समाज में जागरूकता फैलाकर राष्ट्र निर्माण में बड़ा योगदान दे सकते हैं।
राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन : कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस मौके पर डॉ. मसूर हैदरी (उर्दू विभाग), स्वयंसेवक — अजित कुमार, सुमित कुमार, विक्रम राठौर, फलक, प्रिंस केसरी, अभिनव कुलदीप, कोमल, अतिया मेहर, शाहनाज, यासमीन, राजेश, तसनीम, साहिबा, साइमा सहित अन्य NSS स्वयंसेवक उपस्थित थे।







Total views : 63026