20 नवंबर 2025, बेगूसराय | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर बेगूसराय सदर प्रखंड के महादलित टोले में शौचालय विहीन परिवारों के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान का उद्देश्य सभी पात्र परिवारों में शौचालय निर्माण को तेज़ करना और स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देना है। प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि शंकर कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, बीसी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में बताया गया कि सदर प्रखंड में कुल 2081 शौचालय विहीन परिवार चिन्हित किए गए हैं। सभी विकास मित्रों को निर्देश दिया गया है कि 21 दिसंबर 2025 तक इन सभी परिवारों में शौचालय निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
राज्य सरकार द्वारा 19 नवंबर से 31 दिसंबर 2025 तक ‘हमारा शौचालय – हमारा सम्मान’ नामक विशेष BCC अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का लक्ष्य उन परिवारों तक पहुंचना है जहाँ शौचालय नहीं है या जहाँ लोग शौचालय होने के बावजूद खुले में शौच जाते हैं। विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं जनजाति बहुल टोलों में शौचालय निर्माण, मरम्मत एवं सतत उपयोग पर बल दिया जाएगा।
अभियान के दौरान घर-घर संपर्क, समूह संवाद, निगरानी, गड्ढा खोदो अभियान, संध्या चौपाल, विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम तथा आंगनबाड़ी एवं जीविका समूहों के माध्यम से प्रेरक गतिविधियाँ चलाई जाएंगी। साथ ही ‘रोको-टोको अभियान’ के तहत खुले में शौच करने वाले स्थानों को चिह्नित कर निगरानी समितियों का गठन किया जाएगा।
जीविका समूहों के माध्यम से गरीब परिवारों को शौचालय निर्माण के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा।बीडीओ रवि शंकर कुमार ने कहा कि स्वच्छता, स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ा यह अभियान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूर्ण करने के लिए लगातार निगरानी और सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में प्रखंड समन्वयक, विकास मित्र, स्वच्छता पर्यवेक्षक सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।






Total views : 63126