बेगूसराय | 29 दिसंबर 2025 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक प्रयासों का सकारात्मक असर सामने आया है। सोमवार को जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में कारगिल विजय भवन में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की सड़क सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई।
दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में आई कमी: बैठक में बताया गया कि जनवरी से नवंबर 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में 4.57 प्रतिशत तथा सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में 2.36 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। जिलाधिकारी ने इसे विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम बताते हुए भविष्य में इन आंकड़ों को और बेहतर करने के निर्देश दिए।
49 ब्लैक स्पॉट चिन्हित, अधिकांश पर सुधार कार्य पूर्ण: प्रशासन द्वारा जिले में कुल 49 ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित स्थल) चिन्हित किए गए हैं, जिनमें हीरा टोल, रघुनाथपुर, बरौनी और ट्रैफिक चौक जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि चिन्हित 21 स्थलों में से 20 स्थानों पर सुरक्षात्मक सुधार कार्य पूरे कर लिए गए हैं। शेष स्थानों पर भी शीघ्र रिफ्लेक्टर, रंबल स्ट्रिप, हाई मास्क लाइट सहित अन्य सुरक्षा उपायों को पूरा करने का निर्देश दिया गया।
हिट एंड रन योजना के तहत मुआवजा भुगतान की समीक्षा: बैठक में हिट एंड रन मोटर दुर्घटना योजना 2022 के तहत मुआवजा प्रावधानों की भी समीक्षा की गई। योजना के अंतर्गत मृतकों के आश्रितों को 2 लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का प्रावधान है। अब तक कुल 652 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 336 मामलों में भुगतान किया जा चुका है, जबकि 98 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। जिलाधिकारी ने सभी थानों को लंबित मामलों को शीघ्र जिला परिवहन कार्यालय भेजने के निर्देश दिए।
परिवहन राजस्व और ई-वाहन अनुदान की स्थिति: बैठक में परिवहन विभाग की राजस्व वसूली की जानकारी भी दी गई। अक्टूबर और नवंबर 2025 के दौरान शमन वसूली के माध्यम से क्रमशः 53.56 लाख रुपये और 61.37 लाख रुपये का राजस्व संग्रह किया गया। इसके साथ ही बिहार इलेक्ट्रिक वाहन नीति, 2023 के अंतर्गत अब तक 100 से अधिक वाहन मालिकों को अनुदान राशि दिए जाने की जानकारी दी गई।
यात्री सुविधाओं के लिए बस स्टॉप का विस्तार: यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिले में 33 बस स्टॉप का निर्माण कार्य पूर्ण होने तथा 13 अन्य बस स्टॉप पर कार्य प्रगति पर होने की जानकारी साझा की गई।
यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश: अंत में जिलाधिकारी ने संबंधित सभी विभागों को सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ शहर में जल-जमाव, अतिक्रमण और यातायात बाधाओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक मनीष, जिला परिवहन पदाधिकारी राजीव कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।







Total views : 68941










