मुम्बई | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | 24 नवंबर 2025
बॉलीवुड के महान अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार दोपहर 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे पिछले कई सप्ताह से सांस लेने की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे और इसी कारण हाल ही में उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घर लौटने के बाद भी उनका इलाज जारी रहा, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका।
अस्पताल से घर लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत : धर्मेंद्र को 1 नवंबर को सांस लेने में दिक्कत होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लगभग 11 दिनों तक इलाज चलने के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताकर उन्हें घर भेज दिया था। हालांकि, उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण वे पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए। सोमवार को दोपहर उनके निधन की पुष्टि की गई।
विले पार्ले में अंतिम संस्कार, बॉलीवुड सितारों की उमड़ी भीड़ : दोपहर लगभग 1 बजे उनके घर के बाहर एम्बुलेंस पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर विले पार्ले श्मशान घाट ले जाया गया, जहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। अंतिम संस्कार में सलमान खान, अमिताभ बच्चन, आमिर खान, संजय दत्त, शाहरुख खान, प्रीति जिंटा, रेखा समेत कई बड़े कलाकार शामिल हुए। धर्मेंद्र की पत्नी हेमा मालिनी और उनकी बेटी ईशा देओल भी पूरे समय मौजूद रहीं।
धर्मेंद्र का फिल्मी सफर: छह दशक का चमकता सितारा: 1960 में फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे से अभिनय की शुरुआत करने वाले धर्मेंद्र ने भारतीय सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं। 1967 की फिल्म फूल और पत्थर से वे सुपरस्टार बन गए और फिर शोले जैसी फिल्मों ने उन्हें हमेशा के लिए अमर कर दिया। अभिनय की बहुमुखी प्रतिभा और सरल स्वभाव ने उन्हें दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी श्रद्धांजलि : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्मेंद्र के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि “उनका जाना एक युग का अंत है।” कई अन्य नेताओं और हस्तियों ने भी सोशल मीडिया पर दुख व्यक्त किया।
फैंस और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर : पूरी फिल्म इंडस्ट्री धर्मेंद्र के निधन से सदमे में है। अनिल शर्मा जैसे फिल्म निर्देशकों ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा किए। उनके बेटे बॉबी देओल भी अंतिम संस्कार के दौरान बेहद दुखी नजर आए।







Total views : 63019