हिन्दी के प्रभावी प्रयोग और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बढ़ते उपयोग पर दिया गया जोर
बेगूसराय / बरौनी रिफाइनरी | 19 दिसम्बर 2025 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
इंडियन ऑयल की बरौनी रिफाइनरी में 18 दिसंबर 2025 को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), बरौनी की दूसरी छमाही बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सत्य प्रकाश, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख ने की। इस अवसर पर बरौनी नराकास से जुड़े विभिन्न सदस्य कार्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दी प्रगति पर प्रस्तुतिकरण और भविष्य की कार्ययोजना: बैठक में सदस्य सचिव द्वारा जुलाई से दिसंबर 2025 तक की अवधि में राजभाषा हिन्दी के क्षेत्र में किए गए कार्यों और उपलब्धियों पर संक्षिप्त प्रस्तुतिकरण दिया गया। साथ ही उपस्थित सदस्यों से हिन्दी के भावी विकास को लेकर सुझाव आमंत्रित किए गए। सदस्यों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान अध्यक्ष द्वारा किया गया।
ई-ऑफिस और तकनीकी कार्यों में हिन्दी को बढ़ावा: रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश ने अपने संबोधन में दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के अधिकतम प्रयोग पर बल दिया। विशेष रूप से ई-ऑफिस और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हिन्दी के उपयोग को बढ़ाने, साथ ही प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्यों में मानक हिन्दी तकनीकी शब्दावली के प्रयोग को अपनाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेरित किया।
राजभाषा में उत्कृष्ट कार्य के लिए संस्थानों को किया गया सम्मानित : बैठक के दौरान राजभाषा हिन्दी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए विभिन्न संस्थानों को सम्मानित किया गया।
यूको बैंक, बेगूसराय को प्रथम पुरस्कार: जवाहर नवोदय विद्यालय, बेगूसराय को द्वितीय पुरस्कार, केंद्रीय विद्यालय, आईओसीएल बरौनी रिफाइनरी को तृतीय पुरस्कार, केनरा बैंक, बेगूसराय एवं बेगूसराय रेलवे स्टेशन को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त हिन्दी पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को भी पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।






Total views : 63812