बेगूसराय/बरौनी। 11 सितम्बर 2025
बेगूसराय जिले के बरौनी मूल निवासी सर्वेश कश्यप को देश के प्रतिष्ठित टॉप 50 आइकॉन अवार्ड्स 2025 से सम्मानित किया जाएगा। मुंबई के जुहू स्थित इस्कॉन ऑडिटोरियम में 16 सितंबर को आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। बता दें कि टॉप 50 आइकॉन अवार्ड्स हर वर्ष देशभर के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित 50 व्यक्तियों को उनके विशेष योगदान के लिए प्रदान किया जाता है। इस कार्यक्रम में देश की कई नामचीन हस्तियाँ शिरकत करती हैं।

रणनीतिकार के रूप में पहचान: सर्वेश कश्यप पिछले आठ वर्षों से बतौर स्ट्रैटेजिक एडवाइजर और मीडिया रणनीतिकार के रूप में कार्यरत हैं। वे अब तक 112 क्षेत्रीय व हिंदी फिल्मों, कई बड़े प्रोडक्शन हाउस, फैशन इंडस्ट्री, कॉरपोरेट कंपनियों, कलाकारों और राजनीतिक दलों के लिए रणनीति बना चुके हैं। हाल ही में मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 के लिए बतौर मीडिया रणनीतिकार काम कर उन्होंने देशभर में सुर्खियाँ बटोरीं।
उपलब्धियाँ और सम्मान : सर्वेश को इससे पूर्व ग्लोरी ऑफ इंडिया अवार्ड, ग्लोबल बिहार नेशनल एक्सीलेंस अवार्ड, युवा कर्म कौशल सम्मान, फिल्म बंधु (उत्तर प्रदेश सरकार) द्वारा बेस्ट पीआरओ अवार्ड, लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स सहित कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं।
फिल्म इंडस्ट्री और नई पहल : हाल ही में उन्होंने वैशाली मोशन पिक्चर्स नाम से फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन और प्रोडक्शन हाउस की स्थापना की है। इसके बैनर तले बॉलीवुड अभिनेता राहुल देव, अतुल श्रीवास्तव और अहम शर्मा स्टारर हिंदी फिल्म का पैन इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन किया गया। वे आगे भी कई बड़े फिल्मी प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं।
बड़ी हस्तियों के साथ काम : सर्वेश कश्यप ने अब तक सुनील शेट्टी, प्रियंका चोपड़ा, आशुतोष राणा, यशपाल शर्मा, गुरमीत चौधरी, शिल्पा राव, तोचि रैना, रवि किशन, दिनेश लाल यादव निरहुआ, पवन सिंह, अक्षरा सिंह, मोनालिसा, अंजना सिंह सहित कई सितारों व राजनीतिक दलों (जदयू, वीआईपी, हिंद सेना) के साथ काम किया है।
प्रेरणा और संकल्प : सर्वेश कश्यप ने कहा—”मैं तो बस अपने काम में जुटा रहा और पता नहीं चला कि देशभर के लोग जुड़ते चले गए। समाज और माता-पिता मेरे सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं। आगे और मेहनत कर अपने क्षेत्र व देश का नाम रौशन करना चाहता हूँ। जनसंपर्क और रणनीतिक सलाहकार के क्षेत्र में युवाओं के लिए अपार संभावनाएँ हैं।”







Total views : 63019