दिवंगत जिला अध्यक्ष सजग सिंह की पुण्यतिथि पर AISF ने नशामुक्ति जागरूकता सेमिनार का किया आयोजन
बेगूसराय | 24 दिसंबर 2025 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले को नशा मुक्त समाज बनाने के लिए नई युवा पीढ़ी को जागरूक और संकल्पित होने की आवश्यकता है। नशा और स्मैक युवाओं के भविष्य को पूरी तरह बर्बाद कर रही है, इसलिए इसके खिलाफ केवल पुलिस कार्रवाई ही नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता अभियान भी जरूरी है। यह बातें सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (DSP-1) आनंद कुमार पाण्डेय ने कही।

नशा मुक्त बेगूसराय के लिए पुलिस पूरी तरह सक्रिय:
DSP आनंद कुमार पाण्डेय ने कहा कि बेगूसराय दिनकर की धरती है और इस धरती को नशा मुक्त बनाने के लिए बेगूसराय पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने छात्रों को अपना मोबाइल नंबर देते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशा से जुड़ी कोई गतिविधि दिखे या सहायता की आवश्यकता हो, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
सजग सिंह के सपनों को साकार करने का आह्वान:
इस अवसर पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा ने कहा कि दिवंगत जिला अध्यक्ष सजग सिंह संगठन के लिए एक मजबूत स्तंभ थे, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। वे नशा के प्रबल विरोधी थे और उनके सपनों को साकार करने के लिए बेगूसराय की नई पीढ़ी को नशा से दूरी बनानी होगी।
उन्होंने पुलिस प्रशासन द्वारा नशा के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की सराहना भी की।
शहीदों के आदर्शों पर चलने वाले नेता थे सजग सिंह:
अमीन हमजा ने कहा कि सजग सिंह भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव और अशफ़ाक उल्ला खान के विचारों से प्रेरित थे। संगठन हमेशा उनके संघर्ष और विचारधारा को याद रखेगा।
जीडी कॉलेज में आयोजित हुआ सेमिनार:
ज्ञात हो कि 24 दिसंबर 2025 को दिवंगत जिला अध्यक्ष सजग सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर जीडी कॉलेज, बेगूसराय के रसायण दीर्घा में नशामुक्ति जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।
सेमिनार की अध्यक्षता AISF जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार ने की।
नशा बढ़ते अपराध का बड़ा कारण : AISF
कार्यक्रम में AISF के राज्य संयुक्त सचिव राकेश कुमार ने कहा कि बेगूसराय में बढ़ते अपराधों के पीछे नशा और स्मैक एक बड़ा कारण है। इस पर रोकथाम के लिए जिला प्रशासन के हर कदम में संगठन साथ खड़ा है।
अध्यक्षीय संबोधन में अमरेश कुमार ने कहा कि नशा एक जहर है और नई पीढ़ी को इससे बचाने के लिए AISF पूरी तरह संकल्पित है।
बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रहे उपस्थित
सेमिनार को AIYF जिला मंत्री धीरेंद्र कुमार, मधुकर सिंह, AISF राष्ट्रीय परिषद सदस्य कैसर रेहान, जिला उपाध्यक्ष बसंत कुमार, हसमत बालाजी सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर जीडी कॉलेज के छात्र नेता एवं छात्र-छात्राएं अंकित कुमार, शादाब खुर्शीद, शाहरूख, आलोक, स्वर्णिम प्रभात, मनीष, भोला, गौरव, सलमा प्रवीण, रवाना, सोनम, श्वेता, स्वाती, विवेक, किशन सहित बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







Total views : 68941










