बेगूसराय / बरौनी रिफाइनरी। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | 17 दिसम्बर 2025
बरौनी (बेगूसराय)। इंडियनऑयल की बरौनी रिफाइनरी में 15 दिसंबर से सुरक्षा सप्ताह 2025 का शुभारंभ किया गया। यह सप्ताह 13 दिसंबर 2001 को संसद पर हुए आतंकवादी हमले को नाकाम करने में शहीद हुए वीरों की स्मृति में मनाया जाता है। इस वर्ष सुरक्षा सप्ताह की थीम ‘सुरक्षा का आश्वासन’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य कार्यस्थल और समाज में सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करना है।

शपथ ग्रहण समारोह से हुई शुरुआत: सुरक्षा सप्ताह का उद्घाटन शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुआ, जिसमें कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर परियोजना, मानव संसाधन, टीएस एवं एचएसई, वित्त, कोर ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारी, सीआईएसएफ, डीजीआर, आईओओए के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
शीर्ष नेतृत्व का संदेश: कार्यक्रम के दौरान इंडियनऑयल के अध्यक्ष ए.एस. साहनी, निदेशक (मानव संसाधन) सुश्री रश्मि गोविल और निदेशक (रिफाइनरीज़) अरविंद कुमार के संदेश पढ़कर सुनाए गए। साथ ही, सेफ्टी थीम पर आधारित सुरक्षा जागरूकता पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

सप्ताह भर चलेंगी विविध गतिविधियाँ: उप महाप्रबंधक (सुरक्षा) शिव शंकर सिंह ने बताया कि सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत कर्मचारियों, अधिकारियों, उनके आश्रितों, ठेका श्रमिकों, डीजीआर व सीआईएसएफ के लिए सुरक्षा वर्कशॉप, मॉक ड्रिल, सेफ्टी टॉक, ऑनलाइन क्विज़, निबंध, पेंटिंग एवं स्लोगन प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। इसके अलावा, सीआईएसएफ द्वारा सुरक्षा उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
सुरक्षा संस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता: बरौनी रिफाइनरी सुरक्षा सप्ताह के माध्यम से कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों के पालन, उपकरणों के रख-रखाव और सामुदायिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।






Total views : 68940










