सोमवार और शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारी जनता से मिलेंगे। 80 वर्ष से अधिक बुजुर्गों को घर बैठे रजिस्ट्री:
बेगूसराय, 18 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री और पुलिस अधीक्षक मनीष ने प्रेस वार्ता आयोजित कर संयुक्त रूप से बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सात निश्चय-3’ के अंतर्गत ‘विकसित बिहार के रोडमैप’ की विस्तृत जानकारी दी।

सबका सम्मान-जीवन आसान पर विशेष जोर: सबसे पहले जिला पदाधिकारी ने ‘सात निश्चय-3’ के प्रमुख स्तंभ सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living) के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए हर सोमवार और शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारी जनता से मिलेंगे।
80 वर्ष से अधिक बुजुर्गों को घर बैठे रजिस्ट्री: उन्होंने कहा कि 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को अब जमीन या फ्लैट की घर बैठे रजिस्ट्री की सुविधा मिलेगी। यह पहल बुजुर्गों को राहत देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
19 जनवरी से लागू होगी जनता-दरबार व्यवस्था: जिला पदाधिकारी ने बताया कि 19 जनवरी 2026 से ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक सभी कार्यालयों में अधिकारी अपने निर्धारित कक्ष में मौजूद रहेंगे। नागरिक सीधे अपनी शिकायतें रख सकेंगे और उनका त्वरित व प्रभावी समाधान किया जाएगा।
सरकारी कार्यालयों में बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य: प्रशासनिक व्यवस्था को संवेदनशील और जवाबदेह बनाने के लिए कार्यालयों में बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। यदि किसी कारणवश अधिकारी अनुपस्थित होंगे, तो अधिकृत वैकल्पिक पदाधिकारी जनता से मिलेंगे।
शिकायतों की निगरानी के लिए विशेष पंजी: हर कार्यालय में शिकायतों के लिए विशेष पंजी संधारित किया जाएगा। शिकायतों के निष्पादन की नियमित मॉनिटरिंग होगी और वरीय पदाधिकारी समय-समय पर समीक्षा करेंगे।
थानों में भी होगी जनता से मुलाकात: एसपी: पुलिस अधीक्षक मनीष ने बताया कि सबका सम्मान-जीवन आसान कार्यक्रम के तहत सभी थानों, अनुमंडल पुलिस कार्यालय और एसपी कार्यालय में भी आम जनता से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
रोजगार, उद्योग और कृषि पर बड़ा लक्ष्य: जिला पदाधिकारी ने बताया कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को दो लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी।साथ ही सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण में चिन्हित 94 लाख गरीब परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बिहार बनेगा पूर्वी भारत का टेक्नोलॉजी हब: उद्योग एवं निवेश के क्षेत्र में बिहार को पूर्वी भारत का प्रमुख टेक्नोलॉजी हब बनाने का लक्ष्य है। अगले पांच वर्षों में 50 लाख करोड़ रुपये के निजी निवेश को आकर्षित करने की योजना है। कृषि क्षेत्र में चौथे कृषि रोडमैप को गति दी जाएगी।
शिक्षा और स्वास्थ्य में बड़े सुधार: उच्च शिक्षा के लिए अलग विभाग का गठन किया गया है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त एजुकेशन सिटी बनेगी और पुराने संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और सीएचसी को विशिष्ट चिकित्सा केंद्र बनाया जाएगा।
मीडिया से जन-जन तक योजना पहुंचाने की अपील: अंत में जिला पदाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें।





Total views : 68954










