बेगूसराय, 02 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
Indian Oil Corporation Limited (आईओसीएल) में 20 फरवरी 2026 को पदाधिकारियों एवं मजदूर प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता के अनुपालन में सोमवार को दिनकर हॉल, आईओसीएल परिसर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में उठाए गए मुद्दों की प्रगति तथा अन्य संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक मनीष, कार्यपालक निदेशक (ईडी) आईओसीएल, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
वेतन, ओवरटाइम और वैधानिक देयताओं पर अपडेट : कार्यपालक निदेशक ने जिला पदाधिकारी को अवगत कराया कि मजदूर प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए बिंदुओं पर नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप भुगतान की प्रक्रिया जारी है तथा कई मजदूरों को भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 7 तारीख तक वेतन बैंक हस्तांतरण के माध्यम से सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त ओवरटाइम भुगतान, साप्ताहिक अवकाश, पीएफ, ईएसआई एवं बोनस जैसी वैधानिक देयताओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। साथ ही श्रमिकों की शिकायतों के समाधान हेतु समिति का गठन किया गया है, जिससे समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो सके। कार्यस्थल पर मूलभूत सुविधाओं की निगरानी व्यवस्था भी सुदृढ़ की गई है।
6 मार्च के प्रस्तावित धरना पर प्रशासन की नजर: बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि कुछ मजदूरों द्वारा 6 मार्च 2026 को धरना-प्रदर्शन आयोजित करने का ज्ञापन समर्पित किया गया है। इस संदर्भ में संभावित विधि-व्यवस्था की स्थिति तथा आईओसीएल की महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील संरचनाओं की सुरक्षा पर चर्चा की गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को आवश्यक सतर्कता बरतने और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शांतिपूर्ण समाधान की अपील: जिला पदाधिकारी ने कहा कि बिना तथ्यों की पूर्ण जानकारी के दिग्भ्रमित होकर धरना-प्रदर्शन या कार्य बाधित करने से जिले की विकास गति प्रभावित होती है। इससे औद्योगिक वातावरण एवं जिले की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने सभी पक्षों से आपसी समन्वय, संवाद और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित स्थिति से बचा जा सके।







Total views : 72807