बाल विवाह रोकथाम का दिया संदेश, नुक्कड़ नाटक आयोजित
बेगूसराय | 26 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
77वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर जिला व्यवहार न्यायालय परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत ने झंडोत्तोलन किया। राष्ट्रगान के पश्चात उन्होंने जिला अधिवक्ता संघ, जिला वकील संघ, न्यायिक पदाधिकारियों, न्यायालय कर्मियों एवं जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

सफाई कर्मियों के बीच कंबल वितरण: इस अवसर पर सामाजिक संवेदनशीलता का परिचय देते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत ने व्यवहार न्यायालय के सभी सफाई कर्मियों के बीच कंबल का वितरण किया। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग का सम्मान करना ही संविधान की सच्ची भावना है।
बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता रथ रवाना: इसके बाद बाल विवाह की रोकथाम हेतु जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आयोजित इस पहल का उद्देश्य समाज को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूक करना रहा।

नुक्कड़ नाटक से दिया गया सशक्त संदेश: जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा बाल विवाह के खिलाफ नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। पद विधिक स्वयंसेवकों ने नाटक के माध्यम से बताया कि समाज में किस प्रकार बाल विवाह कराया जाता है और इसे रोकने में विधिक सेवा प्राधिकार की क्या भूमिका है।
सचिव ने निभाई अहम भूमिका: नुक्कड़ नाटक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव करुणानिधि प्रसाद आर्य ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने नाटक के अंत में स्वयं पहुंचकर बाल विवाह को रुकवाया और बच्ची व उसके माता-पिता को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया।
न्यायपालिका का स्पष्ट संदेश: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष के रूप में बाल विवाह की रोकथाम हेतु कई अभियान चलाए जा रहे हैं और यह प्रयास भविष्य में भी अनवरत जारी रहेगा।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति: इस मौके पर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश बृजेंद्र कुमार, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राज नारायण निगम, नवीन श्रीवास्तव, सबाआलम, राकेश कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कविता कुमारी, एसडीजेएम रूबी कुमारी, न्यायिक दंडाधिकारी किरण कुमारी, मिट्ठू रानी, राकेश कुमार, आलोक कुमार, नायब नजीर अभिनय कुमार, सहायक रामकृष्ण बबलू, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सहायक उदय कुमार इंद्रसेन शर्मा, संगम मिश्रा, सौरभ कुमार, शैलेश कुमार, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ध्रुव कुमार, जिला वकील संघ के अध्यक्ष संजीत कुमार सिंह सहित दोनों संघ के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।






Total views : 68940










