बेगूसराय | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | 08 अक्टूबर 2025
बेगूसराय की सातों विधानसभा सीटों पर जनसुराज की तैयारी पूरी है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में इस बार एक नई राजनीतिक ताकत जनसुराज पार्टी की एंट्री हो रही है। प्रदेश की सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारने का एलान करने वाली इस पार्टी ने बेगूसराय जिले की सातों विधानसभा सीटों पर भी अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। हमारे सूत्रों के अनुसार, कई नामों पर चर्चा चल रही है और कुछ सीटों पर उम्मीदवार लगभग तय माने जा रहे हैं।
मटिहानी से डॉ. रंजन या डॉ. अरुण में होगी टक्कर: मटिहानी विधानसभा क्षेत्र में डॉ. रंजन कुमार चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है। सूत्रों के अनुसार उन्हें टिकट मिलने की पूरी संभावना है। वहीं, डॉ. अरुण कुमार, जो आईजीआईएमएस के पूर्व डायरेक्टर रह चुके हैं, भी इस सीट से मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
बेगूसराय और साहेबपुरकमाल में नए चेहरे की संभावना: बेगूसराय विधानसभा से सुरेन्द्र साहनी को टिकट मिलने की चर्चा है। वहीं साहेबपुरकमाल से डॉ. सपन मजाहिद का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है, जिनकी जनसंपर्क में अच्छी पकड़ मानी जाती है।
तेघड़ा, बछवाड़ा, चेरियाबरियारपुर और बखरी से भी नए नाम उभरकर आए: तेघड़ा विधानसभा से शिक्षाविद एवं इंजीनियर आर.एन. सिंह को टिकट मिलने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। बछवाड़ा से अमेरिका में चिकित्सा सेवा में योगदान देने वाले अशोक कुमार चौधरी का नाम चर्चा में है। चेरियाबरियारपुर से पूर्व सांसद रामजीवन बाबू के पुत्र को टिकट मिलने की संभावना है। वहीं बखरी सीट से डॉ. संजय पासवान सबसे आगे चल रहे हैं।
जनसुराज ने बढ़ाई सियासी गर्मी: बेगूसराय जिले में जनसुराज के इन संभावित उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पार्टी के रणनीतिकारों का कहना है कि वे “नई सोच और साफ राजनीति” के साथ मैदान में उतर रहे हैं। अब देखना होगा कि जनसुराज की यह नई बयार बिहार की राजनीति में कितना असर छोड़ती है।
📌 रिपोर्ट: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़, बेगूसराय ब्यूरो





Total views : 68974










