बेगूसराय | 02 फरवरी 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो सनसनीखेज हत्याओं का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बालिका को निरुद्ध किया गया है। कार्रवाई के दौरान हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
खोदावंदपुर में युवक की गोली मारकर हत्या:
प्रेम-प्रसंग बना कारण: पहला मामला खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के नुरूल्लाहपुर का है, जहां 01 फरवरी 2026 को प्रियांशु राज उर्फ बादल (20 वर्ष) की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस संबंध में मृतक के भाई प्रवीण कुमार उर्फ साजन कुमार के आवेदन पर खोदावंदपुर थाना कांड संख्या 09/26 दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक बेगूसराय के निर्देश पर एसडीपीओ मंझौल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम एवं जिला आसूचना इकाई ने तकनीकी अनुसंधान और सूचना संकलन के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान ग्राम बारा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा एक बालिका को निरुद्ध किया गया।पूछताछ में आरोपियों ने हत्या का कारण प्रेम-प्रसंग बताया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी:गोलू पटेल, प्रिंस कुमार एवं राजा कुमार — तीनों निवासी ग्राम बारा, थाना खोदावंदपुर।
तियाय ओपी क्षेत्र में महिला की हत्या, पति गिरफ्तार: दूसरा मामला तियाय ओपी अंतर्गत रघुनंदनपुर गांव का है, जहां 01 फरवरी 2026 को सुमन कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतका के भाई बसंत कुमार के आवेदन पर भगवानपुर (तियाय) थाना कांड संख्या 24/26 दर्ज किया गया। एसडीपीओ तेघड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच के दौरान मृतका के पति चंदन कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने घरेलू विवाद के चलते हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा, चार कारतूस और दो खोखा बरामद किया। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी था, जिससे पारिवारिक कलह बढ़ता गया और अंततः उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। दोनों मामलों में बेगूसराय पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से न केवल अपराधियों की गिरफ्तारी संभव हुई, बल्कि कानून-व्यवस्था के प्रति आमजन में विश्वास भी मजबूत हुआ है। फिलहाल दोनों मामलों में विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।







Total views : 75820