रोसड़ा (समस्तीपुर) | 02 नवंबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने रविवार को समस्तीपुर जिले के रोसड़ा सिनेमा चौक से अपने रोड शो और जनसंवाद अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर तीखे राजनीतिक प्रहार किए।

🔹 पीएम मोदी पर हमला — “बिहार से वोट, फैक्ट्री गुजरात में”: पीके ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को बिहार से वोट मिला लेकिन उन्होंने फैक्ट्री गुजरात में लगवाई। उन्होंने कहा “अब वो कहते हैं कि सस्ता डेटा दे रहे हैं। लेकिन हमें सस्ता डेटा नहीं चाहिए, हमें अपना बेटा चाहिए जो गुजरात जाकर मजदूरी कर रहा है।”
🔹 लालू-नीतीश को घेरा, कहा — “बच्चों के पीठ पर मजदूरी का बोरा बांध दिया” : प्रशांत किशोर ने कहा कि लालू यादव और नीतीश कुमार ने बिहार के बच्चों की पीठ पर मजदूरी का बोरा लाद दिया है। “जन सुराज आपके बच्चों के पीठ पर स्कूल का बस्ता देना चाहता है। इसलिए इस बार नेता का चेहरा नहीं, अपने बच्चों का चेहरा देखकर वोट दीजिए।” उन्होंने कहा कि बिहार में हर सरकारी विभाग में भ्रष्टाचार बढ़ गया है। राशन कार्ड से लेकर दाखिल-खारिज तक के काम में जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। शराबबंदी के बावजूद शराब खुलेआम बिक रही है।
🔹 “जन सुराज सत्ता में आया तो युवाओं को पलायन नहीं करना पड़ेगा: पीके ने कहा कि अगर 14 नवंबर के बाद जन सुराज की सरकार बनी, तो बिहार के युवाओं को रोजी-रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा “जन सुराज एक व्यवस्था है जो बिहार के हर बच्चे को उसके गांव में रोजगार देगा।”
🔹 बेगूसराय से रोसड़ा तक भव्य रोड शो: इससे पहले प्रशांत किशोर ने बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल, बेगूसराय और चेरियाबरियारपुर विधानसभा क्षेत्रों में भव्य रोड शो किया। उन्होंने शालिग्रामी मोड़ से यात्रा की शुरुआत की, जो पटेल चौक, बलिया मार्केट, वीर कुंवर सिंह चौक, मंझौल बस स्टैंड से होते हुए रोसड़ा तक पहुंची।इस दौरान हजारों लोगों ने उनका स्वागत किया और फूल-मालाओं व पुष्पवर्षा से अभिवादन किया।





Total views : 68975










