बेगूसराय में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त का संवाद कार्यक्रम
बेगूसराय, 13 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में आयकर विभाग द्वारा करदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष आयकर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शहर के हरहर महादेव चौक स्थित केडीएम होटल के नालंदा हॉल में आयोजित हुआ, जिसमें जिले भर के चिकित्सक, टैक्स पेयर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य विभाग और प्रमुख पेशेवर हितधारकों के बीच की दूरी को कम करना, कर अनुपालन में सुधार लाना और एक पारदर्शी वित्तीय वातावरण को बढ़ावा देना था कार्यक्रम में बिहार एवं झारखंड के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त जयंत मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर बेगूसराय के आयकर अधिकारी राजकुमार भारती ने उन्हें बुके और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।

टैक्स देना भी राष्ट्र सेवा: जयंत मिश्र: संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयंत मिश्र ने कहा कि नागरिकों द्वारा दिया गया टैक्स देश के विकास और सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि जो लोग ईमानदारी से टैक्स देते हैं, वे कहीं न कहीं देश सेवा का ही कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कई लोग अपना मुख्यालय राज्य से बाहर दिखाकर टैक्स दूसरे राज्यों में जमा करते हैं, जबकि उन्हें अपना टैक्स अपने ही राज्य में जमा करना चाहिए। इससे राज्य के विकास को भी गति मिलती है।

1 अप्रैल से लागू होंगे नए प्रावधान: उन्होंने जानकारी दी कि सरकार द्वारा 1 अप्रैल से आयकर से जुड़े कुछ नए प्रावधान लागू किए जा रहे हैं। इनका मुख्य उद्देश्य आयकर प्रक्रिया को सरल बनाना है, ताकि आम व्यवसायी और टैक्स पेयर भी इसे आसानी से समझ सकें। इसी उद्देश्य से आयकर विभाग द्वारा हर जिले में जाकर आयकर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को नए प्रावधानों और नियमों की सही जानकारी मिल सके।

बिहार में टैक्स देने वालों की संख्या कम: जयंत मिश्र ने बताया कि देश की कुल आबादी लगभग 140 करोड़ है, जिसमें करीब 75 करोड़ लोग पैन कार्ड धारक हैं। लेकिन इनमें से केवल लगभग 9 करोड़ लोग ही नियमित रूप से टैक्स का भुगतान करते हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि बिहार में टैक्स देने वालों की संख्या मात्र लगभग 5 प्रतिशत है। इसलिए उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे जागरूक बनें और समय पर टैक्स देकर राज्य और राष्ट्र के विकास में योगदान दें।


कार्यक्रम के अंत में सम्मान: कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त को बुके और शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। सम्मानित करने वालों में अधिवक्ता समीर शेखर, नीरज जायसवाल, सीए प्रदीप भारद्वाज, डॉ. ए. के. राय, डॉ. के. के. सिंह, डॉ. संजय कुमार, डॉ शम्भू, सतेंद्र वर्मा, रंजन कुमार, अभिषेक कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल थे। कार्यक्रम में अश्विनी कुमार सिंघल, अपर आयकर आयुक्त, रंजीत मधुकर, अपर आयकर आयुक्त भी उपस्थित थे। कार्यक्रम की मेजबानी आयकर अधिकारी (ITO) राज कुमार भारती ने की, जिन्हें कुमार सत्यवर्त (आयकर निरीक्षक) और नीरज कुमार (कार्यालय अधीक्षक) का सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के तकनीकी सफल संचालन में राजकुमार भारती को आईटीओ संजीत आनंद और अमित कुमार सिन्हा ने सहयोग प्रदान किया।







Total views : 74344