बेगूसराय | 17 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
पटना में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म मामले को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस मामले में पुलिस द्वारा तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत करने और आरोपी को बचाने की कोशिश को शर्मनाक बताते हुए ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) ने बेगूसराय में जोरदार प्रतिरोध मार्च निकाला।
पुलिस रिपोर्ट बदलना अपराध को संरक्षण देने जैसा: अमीन हमजा: पटना नीट छात्रा रेप कांड के विरोध में आयोजित प्रतिरोध मार्च को संबोधित करते हुए AISF के राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा ने कहा कि रेप जैसी गंभीर घटना को गलत बताकर रिपोर्ट बदलना न सिर्फ अपराधी को संरक्षण देना है, बल्कि यह पुलिस व्यवस्था पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न है। उन्होंने कहा कि इस घटना से बिहार भर से पटना में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर संकट पैदा हो गया है।
महिला सुरक्षा को लेकर सरकार उदासीन – AISF: अमीन हमजा ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार को छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा की कोई वास्तविक चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार में लगातार महिला उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन चुप्पी साधे हुए हैं। AISF महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के सवाल पर हमेशा संघर्ष करता रहा है और आगे भी करता रहेगा।
सरकारी दावों की खुली पोल – अमरेश कुमार: प्रतिरोध सभा की अध्यक्षता कर रहे AISF जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार और जिला सचिव सत्यम भारद्वाज ने कहा कि एक ओर सरकार के नेता दावा करते हैं कि बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है, वहीं दूसरी ओर राजधानी पटना में ऐसी घटना होती है और पुलिस आरोपी को बचाने में लग जाती है।उन्होंने इसे सरकार और प्रशासन की मिलीभगत करार दिया।
बिहार में अपराधियों का बोलबाला – कैसर रेहान: AISF के राष्ट्रीय परिषद सदस्य कैसर रेहान और हसमत बालाजी ने कहा कि बिहार में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और आम जनता भय के माहौल में जी रही है। उन्होंने मांग की कि नीट छात्रा के दोषी को ऐसी सख्त सजा मिले, जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह का जघन्य अपराध करने से पहले सौ बार सोचे।
पटेल चौक से जीडी कॉलेज तक निकाला गया मार्च: ज्ञात हो कि 17 जनवरी 2026 को AISF की बैठक बेगूसराय के कार्यनंद भवन में आयोजित की गई थी। बैठक के निर्णय के अनुसार संगठन ने पटना नीट छात्रा रेप मामले के विरोध में पटेल चौक स्थित जिला कार्यालय से जीडी कॉलेज तक जुलूस निकाला।
जीडी कॉलेज में सभा में बदला जत्था: जुलूस जीडी कॉलेज परिसर का भ्रमण करते हुए प्रजातंत्र स्मारक पहुंचा, जहां यह एक सभा में तब्दील हो गया। सभा की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार ने की। इस दौरान बसंत कुमार, अंकित कुमार, किशन कुमार, आलोक कुमार, शाहरूख इकबाल, रौशन कुमार, मो. सिराज, मनीष कुमार, रजनीश कुमार, मो. तौसीफ, शिवम कुमार, धीरज कुमार, प्राची कुमारी, अंजलि कुमारी, सोनी कुमारी, कोमल कुमारी, राजा पठान, रितेश पासवान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।







Total views : 75819