बेगूसराय सदर अस्पताल को मिला ओएनजीसी का सहयोग, 3 करोड़ के उपकरण से बढ़ेगी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता
📰 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | स्वास्थ्य समाचार। बेगूसराय, 06 अक्टूबर 2025
बेगूसराय सदर अस्पताल में अब आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी। ओएनजीसी (ONGC) द्वारा 3 करोड़ रुपये मूल्य के अत्याधुनिक चिकित्सीय उपकरण देने की सहमति दी गई है। इस संबंध में MOU एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर आज जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला की अध्यक्षता में किए गए। इस पहल से जिले के लोगों को अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सरकारी अस्पताल में ही उपलब्ध होंगी।
⚕️ लेप्रोस्कोपी और ENT सर्जरी होगी शुरू: इन उपकरणों की प्राप्ति के बाद सदर अस्पताल में लेप्रोस्कोपी सर्जरी की सेवा प्रारंभ की जाएगी। इस तकनीक के तहत गॉलब्लैडर स्टोन, किडनी स्टोन जैसी जटिल सर्जरी छोटे छेद से मशीन द्वारा की जाएगी। इसके अलावा ENT (कान, नाक, गला) ऑपरेशन जो पहले सदर अस्पताल में संभव नहीं था, अब ओएनजीसी द्वारा दिए गए उपकरणों से शुरू किया जाएगा।
👁️ आई सर्जरी और आईसीयू में होगा उन्नयन : आई (नेत्र) विभाग में भी अब A-Scan उपकरण के माध्यम से उच्च गुणवत्ता की सर्जरी की जाएगी। वहीं, आईसीयू यूनिट को मजबूत बनाने के लिए नवजात शिशु वेंटीलेटर, ABG मशीन और अन्य उन्नत उपकरण सक्रिय किए जा रहे हैं।
🧘♀️ फिजियोथैरेपी और लेबर रूम में भी आधुनिक सुविधाएं : फिजियोथैरेपी विभाग को सशक्त बनाने के लिए ओएनजीसी द्वारा कई नए उपकरण दिए जा रहे हैं। साथ ही, लेबर रूम (प्रसव कक्ष) में मरीजों की सुविधा के लिए LDR बेड और फ्लो बेड भी ओएनजीसी की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
💬 जिला पदाधिकारी ने जताया आभार: इस अवसर पर डीएम तुषार सिंगला ने ओएनजीसी का धन्यवाद करते हुए कहा कि, “यह सहयोग बेगूसराय के स्वास्थ्य ढांचे को नई ऊँचाई देगा। अब मरीजों को बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि अत्याधुनिक सेवाएं यहीं उपलब्ध होंगी।”
👉 रिपोर्टर: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ संवाददाता, बेगूसराय📅 दिनांक: 06 अक्टूबर 2025





Total views : 68974










