बेगूसराय | 22 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला स्वास्थ्य समिति, बेगूसराय के सभागार में गुरुवार को जिले के सभी प्रखंडों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड मूल्यांकन सहायक तथा एएनएम को IHIP–IDSP पर एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य समुदाय में फैलने वाली बीमारियों की समय पर पहचान और प्रभावी रोकथाम को सुनिश्चित करना था। प्रशिक्षण सत्र को जिला डाटा प्रबंधक (IDSP) कृष्ण कुमार सिंह एवं आद्री, पटना से आए विशेषज्ञ विकास गुप्ता ने संयुक्त रूप से फैसिलिटेट किया। इस दौरान प्रतिभागियों को IHIP पोर्टल पर डेटा एंट्री, रिपोर्टिंग प्रक्रिया तथा तकनीकी पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
रियल टाइम रिपोर्टिंग पर दिया गया जोर : कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. गोपाल मिश्रा ने कहा कि समुदाय में होने वाली विभिन्न बीमारियों की रियल टाइम रिपोर्टिंग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि समय पर सटीक जानकारी मिलने से जिला स्तर पर रोग नियंत्रण एवं प्रबंधन को बेहतर ढंग से किया जा सकता है।
IHIP पोर्टल से मिलेगा रोगों के ट्रेंड का विश्लेषण: जिला डाटा प्रबंधक कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि IHIP पोर्टल के माध्यम से रियल टाइम डेटा उपलब्ध होने पर समुदाय में फैल रही बीमारियों के ट्रेंड, प्रभाव और जोखिम क्षेत्रों की पहचान संभव हो सकेगी।इसके आधार पर समय रहते आवश्यक स्वास्थ्य हस्तक्षेप किए जा सकते हैं। इस अवसर पर पीएसआई–इंडिया के प्रतिनिधि ने परिवार नियोजन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए दो बच्चों के बीच उचित अंतराल के महत्व पर प्रकाश डाला।






Total views : 68940










