20 नवंबर 2025, बेगूसराय | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला स्वास्थ्य समिति सभागार में जिले के चिन्हित कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (सीएचओ) के लिए नए गर्भनिरोधक साधन अंतरा सबकुटेनियस (MPA–SC) पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले में इस नए गर्भनिरोधक विकल्प को सुचारू रूप से लागू करना और स्वास्थ्यकर्मियों को इसके उपयोग की विस्तृत जानकारी देना था।
प्रशिक्षण में विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी : इस प्रशिक्षण को जिला प्रशिक्षक डॉ. भारती शर्मा द्वारा संचालित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन और अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने की। उन्होंने सभी सीएचओ को कार्यक्रम को सफल बनाने और अन्य एएनएम व स्वास्थ्यकर्मियों को भी प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया। वर्तमान में यह कार्यक्रम सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल तेघड़ा सहित चार चयनित स्वास्थ्य संस्थानों में चल रहा है और इसे जल्द ही जिले के सभी प्रखंडों में विस्तार दिया जाएगा।
नया गर्भनिरोधक विकल्प—अंतरा सबकुटेनियस (MPA–SC): जिला कार्यक्रम प्रबंधक नसीम रज़ी ने बताया कि ‘बास्केट ऑफ चॉइस’ में अब नया विकल्प अंतरा सबकुटेनियस भी जोड़ दिया गया है। उन्होंने MPA–SC के सफल क्रियान्वयन में सहयोग के लिए सभी स्वास्थ्यकर्मियों एवं PSI–India टीम को धन्यवाद दिया। राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार ने इस कार्यक्रम के लिए जिला अस्पताल बेगूसराय, अनुमंडलीय अस्पताल तेघड़ा, UPHC शोकहारा, HWC बाड़ो दक्षिणी और CHC बरौनी को चयनित किया है, जहाँ यह सेवा पिछले 3 महीनों से सफलतापूर्वक संचालित है।
अंतरा सबकुटेनियस क्यों है उपयोगी? : यह एक हार्मोनल गर्भनिरोधक इंजेक्शन है। एक डोज़ से 3 महीने तक गर्भधारण से सुरक्षा मिलती है।स्तनपान के दौरान भी यह पूरी तरह सुरक्षित है। सुई बंद करने के बाद पुनः गर्भधारण आसानी से संभव है। इसका मुख्य संदेश— “नया अंतरा सबकुटेनियस – असर वही, 3 महीने फिक्र नहीं।”
21 नवंबर से 12 दिसंबर तक जिले में पुरुष नसबंदी पखवारा: परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत बेगूसराय जिले में 21 नवंबर से 12 दिसंबर तक पुरुष नसबंदी पखवारा मनाया जाएगा। इस वर्ष का मुख्य नारा है—“स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार, पुरुष सहभागिता से ही होगा यह सपना साकार। ”इस अभियान का उद्देश्य माँ और बच्चे के स्वास्थ्य, दो बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल तथा परिवार नियोजन के महत्व को बढ़ावा देना है। पखवारा जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व जन आरोग्य केंद्रों (HWC) में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक ऋषिकेश कुमार, PSI–India टीम एवं प्रशिक्षणकर्ता डॉ. भारती शर्मा को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए धन्यवाद दिया।






Total views : 63010