बेगूसराय | 22 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय, बेगूसराय में गुरुवार को एक दिवसीय नियोजन कैंप का सफल आयोजन किया गया। यह कैंप जिला नियोजन पदाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
VISPL के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन : इस नियोजन कैंप में निजी कंपनी VISPL द्वारा प्रतिष्ठित कंपनी MRF के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया। कंपनी के प्रतिनिधि कल्याण जी ने कैंप में उपस्थित अभ्यर्थियों को कार्य की प्रकृति, वेतन एवं भत्ते, कार्य स्थल तथा अन्य आवश्यक शर्तों की जानकारी विस्तारपूर्वक दी। कंपनी द्वारा घोषित 100 रिक्तियों के विरुद्ध कुल 43 अभ्यर्थियों ने कैंप में भाग लिया, जिनमें से साक्षात्कार उपरांत 20 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
बेरोजगार युवाओं को मिला कैरियर मार्गदर्शन: इस अवसर पर जिला नियोजन पदाधिकारी ने उपस्थित बेरोजगार युवाओं को कैरियर एवं रोजगार से संबंधित महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने बताया कि नियोजन कार्यालय द्वारा प्रत्येक माह जॉब कैंप का आयोजन किया जाता है, जिसमें बिहार सहित अन्य राज्यों के निजी क्षेत्र के नियोजकों को आमंत्रित किया जाता है। इन कैंपों की सूचना समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित की जाती है।
वहीं, कनीय सांख्यिकी सहायक राहुल कुमार ने नेशनल करियर सर्विस (NCS) द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं उसके उपयोग की प्रक्रिया के बारे में अभ्यर्थियों को विस्तार से जानकारी दी। मौके पर प्रधान लिपिक विनय कुमार, जिला कौशल प्रबंधक सतीश पटेल, सामंत कुमार एवं रंजय सिंह देव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






Total views : 68940










