बेगूसराय। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़| 8 मार्च 2026
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शारदा फाउंडेशन द्वारा रविवार को महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली छह महिलाओं को “सखी शक्ति नारी सम्मान” से सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप सभी महिलाओं को पौधा, मोमेंटो और उपहार प्रदान किए गए।


विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली महिलाओं को मिला सम्मान: सम्मान प्राप्त करने वालों में बाल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाली संगीता कुमारी, रंगमंच के क्षेत्र में सक्रिय अंकिता सिन्हा, समाज सेवा में योगदान देने वाली सारिका भास्कर, एचआईवी एवं एड्स रोकथाम के लिए कार्यरत अम्बिका कुमारी, शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत शिक्षिका अनुपमा सिंह तथा चिकित्सा सेवा के क्षेत्र से डॉ. रजनी बरनवाल शामिल रहीं।


न्यायिक अधिकारियों और अतिथियों ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन: कार्यक्रम का उद्घाटन डीएलएसएस के सचिव सह अवर न्यायाधीश करूणानिधि प्रसाद आर्य, एसडीजेएम रूबी कुमारी तथा विदुषी एवं लेखिका मेनका मल्लिक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर शारदा फाउंडेशन की पूनम शेखर, किरण कुमारी और श्रुति वर्मा भी उद्घाटन समारोह में उपस्थित रहीं।
सम्मानित महिलाओं ने साझा किए अपने अनुभव: सम्मान समारोह के दौरान सभी सम्मानित महिलाओं ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र के अनुभव साझा किए। उन्होंने अपने संघर्षों और उपलब्धियों के बारे में बताया तथा समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके सशक्तिकरण की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।


महिलाओं को कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी: कार्यक्रम के दूसरे सत्र में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। इस दौरान एसडीजेएम रूबी कुमारी ने कहा कि महिलाओं के कई रूप हैं और यदि महिलाएं ठान लें तो समाज का बेहतर निर्माण कर सकती हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों, विशेषकर लड़कों को सही और गलत के बारे में जागरूक करें तथा रिश्तों की अहमियत समझाएं, तभी एक बेहतर समाज का निर्माण संभव है। वहीं डीएलएसएस के सचिव करूणानिधि प्रसाद आर्य ने कहा कि कानून की नजर में सभी समान हैं, चाहे स्त्री हो या पुरुष। उन्होंने बताया कि संविधान का अनुच्छेद 15 महिलाओं को विशेष अधिकार प्रदान करने की बात करता है। साथ ही वर्ष 2005 में आए हिंदू उत्तराधिकार संशोधन अधिनियम को महिलाओं के अधिकारों के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया, जिसके तहत महिलाओं को भी संपत्ति में उत्तराधिकारी होने का अधिकार मिला।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित: कार्यक्रम में समीर शेखर, ग्रामीण जागरूकता संस्था के कौशलेन्द्र कुमार, अशोक सिन्हा, डॉ. आशीष सुमन, दिलीप सिन्हा, राजीव कुमार मुन्ना, अमन श्रीवास्तव, तनुष्का कुमारी, भास्कर कुमार, अमित कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संजीत श्रीवास्तव ने किया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन मेनका मल्लिक ने किया।







Total views : 73236