बेगूसराय में पटना एम्स व स्वास्थ्य विभाग की ओर से फाइलेरिया उन्मूलन पर कार्यशाला, 2027 तक बीमारी खत्म करने का लक्ष्य।
बेगूसराय, 2 सितंबर 2025
फाइलेरिया जैसी संक्रामक बीमारी के उन्मूलन और जनजागरूकता के उद्देश्य से एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला पटना एम्स एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सदर अस्पताल परिसर स्थित सिविल सर्जन सभागार में सम्पन्न हुई। कार्यशाला का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. गोपाल मिश्रा एवं जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. सुभाष रंजन झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संचालन पटना एम्स के सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर डॉ. संजय पांडेय ने किया।
कार्यशाला में क्या कहा गया:
👉 सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि सर्वजन दवा सेवन अभियान के दौरान कई लोग आशा कार्यकर्ताओं द्वारा दी जाने वाली फाइलेरिया-रोधी दवा खाने से इनकार कर देते हैं। यही लापरवाही बीमारी को और बढ़ावा देती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अभियान के दौरान दवा का सेवन अवश्य करें, तभी जिले से फाइलेरिया का उन्मूलन संभव होगा।
👉 पटना एम्स के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संतोष कुमार निराला ने बताया कि यह बीमारी भारत सहित विश्व के कई देशों में फैली हुई है। भारत में यह 20 राज्यों के 348 जिलों में पाई जाती है। समस्या की जड़ों को समझने और प्रबंधन के लिए ही इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है।
👉 राज्य सलाहकार फाइलेरिया अनुज सिंह रावत ने कहा कि भारत सरकार ने वर्ष 2027 तक देश से फाइलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य रखा है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों को सकारात्मक भूमिका निभानी होगी। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया संक्रमित मच्छरों के काटने से फैलता है और यह लिम्फेटिक सिस्टम को प्रभावित कर हाथीपांव जैसी स्थिति पैदा करता है।
जिले में चल रहा है प्रयास: जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. सुभाष झा ने बताया कि जिले के दो प्रखंडों में रोगी हितधारक मंच (पीएसपी) सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इनके सदस्य समुदाय में जाकर लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस अवसर पर एल.एफ. रोगियों और आशा कार्यकर्ताओं ने भी अपने अनुभव साझा किए।
उपस्थित अतिथि: कार्यशाला में पटना एम्स के सीनियर रेजिडेंट डॉ. दीपिका अग्रवाल, डॉ. विजयानंद नायक, डॉ. अंजेल लिंडा, डॉ. रम्या रामालक्ष्मी, डॉ. आदित्य रूद्रेश, पीरामल स्वास्थ्य के विमलेश भगत, बीडीसीओ संजीव कुमार, शिवन पटेल, अभिषेक कुमार, बीबीडीसी कुश कुमार, सीफार से डॉ. श्याम मिश्रा व आशुतोष कुमार, राज्य सलाहकार अनुज सिंह रावत, प्रभात कुमार सहित कई स्वास्थ्यकर्मी और पीएसपी सदस्य मौजूद रहे।





Total views : 68974










