बेगूसराय | 07 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार सरकार के उद्योग विभाग ने राज्य में औद्योगिक विकास को तेज गति देने और बड़े निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से ‘बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज (BIIPP) 2025’ की घोषणा की है। इस नीति के माध्यम से बिहार को उद्योग और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
निवेश के साथ मिलेगी मुफ्त भूमि की सुविधा: इस नई नीति के तहत भूमि आवंटन की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और किफायती बनाया गया है। ₹100 करोड़ के निवेश और कम से कम 1000 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित करने वाले निवेशकों को 10 एकड़ तक भूमि निःशुल्क प्रदान की जाएगी। वहीं ₹1000 करोड़ से अधिक निवेश करने वाली औद्योगिक इकाइयों को 25 एकड़ तक मुफ्त भूमि देने का प्रावधान है।
फॉर्च्यून 500 कंपनियों को विशेष प्रोत्साहन: इसके अलावा, वैश्विक स्तर की फॉर्च्यून 500 कंपनियों को आकर्षित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। केवल ₹200 करोड़ के निवेश पर ही इन कंपनियों को 10 एकड़ निःशुल्क भूमि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय निवेश को बिहार में लाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
अन्य निवेशकों को भी मिलेगा बड़ा लाभ: अन्य पात्र निवेशकों को बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) की निर्धारित दरों पर 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। भूमि आवंटन केवल नाममात्र की टोकन राशि पर किया जाएगा, जिससे छोटे और मध्यम उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
31 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगी योजना: यह विशेष औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज 31 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगा। “Invest Bihar” अभियान के तहत राज्य सरकार का लक्ष्य है कि बिहार को उद्योग, रोजगार और निवेश का मजबूत केंद्र बनाया जाए।
संपर्क एवं जानकारी: इच्छुक उद्यमी और कंपनियां अधिक जानकारी के लिए उद्योग विभाग की हेल्पलाइन 📞 1800 345 6214 पर संपर्क कर सकते हैं।






Total views : 68940










