बेगूसराय, 22 सितंबर 2025
आज से नवरात्र और दुर्गा पूजा का शुभारंभ हो गया है। पहले दिन माँ दुर्गा के प्रथम स्वरूप माँ शैलपुत्री की पूजा-अर्चना पूरे श्रद्धा भाव से की जा रही है। सुबह से ही मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह कलश स्थापना और घटस्थापना के साथ ही वातावरण भक्तिमय हो उठा। बेगूसराय शहर के विभिन्न दुर्गा मंदिरों सहित घरों में आज से माँ दुर्गा की पूजा आरम्भ हो गई। शहर के अंदर श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा, बीएमपी के वैष्णवी दुर्गा मंदिर, नवयुवक दुर्गा मंदिर लहेरी धर्मशाला स्थान, बाघी के नवयुवक दुर्गा मंदिर, हीरालाल चौक स्थित दुर्गा मंदिर, डमरूलाल दुर्गा मंदिर, विष्णुपुर दुर्गा मंदिर, लोहियानगर स्थित सर्व मंगला दुर्गा मंदिर, अम्बेडकर चौक स्थित दुर्गा मंदिर आदि में कलश स्थापन के साथ पूजा शुरू की गई।
माँ शैलपुत्री का महत्व :
नवरात्रि के पहले दिन पूजित माँ शैलपुत्री को पर्वतराज हिमालय की पुत्री माना जाता है। उनके पूजन से जीवन में स्थिरता, धैर्य और शांति का संचार होता है। श्रद्धालु आज पूरे विधि-विधान के साथ उनकी आराधना कर रहे हैं और सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
भक्तिमय माहौल और सांस्कृतिक कार्यक्रम:
पूरे शहर में दुर्गा पूजा को लेकर खासा उत्साह है। विभिन्न पूजा पंडालों में आकर्षक सजावट की जा रही है। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन और झांकियों का आयोजन होगा, जिससे माहौल और भी मनमोहक बनेगा। शहर के बीएमपी वैष्णवी दुर्गा मंदिर में शाम को भजन कीर्तन का कार्यक्रम किया जाएगा।
सुरक्षा और व्यवस्था के इंतजाम:
प्रशासन की ओर से पूजा पंडालों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस बल की तैनाती की गई है। शहर के लगभग सभी चौक चौराहों पर पुलिस बल लगाए गए है। यातायात नियमों का काफी सख़्ती से पालन काराया जा रहा है। लेकिन आम नागरिकों की भी सुरक्षा कराई जा रही है। सीसीटीवी से कई इलाकों की निगरानी की जा रही है। नगर निगम की सफाई-प्रकाश व्यवस्था से माहौल सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। मंदिरों और पूजा पंडालों के आसपास खासकर साफ सफाई का खासा ध्यान रखा जा रहा है। वहां पर चुना ब्लीचिंग भी काराये जा रहे है।
उत्साह से भरे श्रद्धालु:
माँ शैलपुत्री की पूजा के साथ ही श्रद्धालु और आम लोग नवरात्रि के अगले नौ दिनों की तैयारियों में जुट गए हैं। बाजारों में रौनक बढ़ गई है और पूरे शहर में पर्व जैसा माहौल है। रविवार की देर रात तक बाजारों में बिक्री होती रही। खासकर पूजा सामान के दुकानों पर खासा भीड़ देखा गया। देर रात लोग पूजा के सामान खरीदते रहे।







Total views : 68951










