बेगूसराय | 12 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
सांसद-सह-वस्त्र मंत्री भारत सरकार एवं बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी और विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।मनरेगा और रोजगार सृजन में उल्लेखनीय उपलब्धिबैठक में ग्रामीण विकास एवं रोजगार सृजन से जुड़ी योजनाओं पर विशेष चर्चा हुई। मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध कराने में बेगूसराय प्रखंड द्वारा 151.54 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल करने की जानकारी दी गई। वहीं बछवाड़ा एवं भगवानपुर प्रखंडों में भी लक्ष्य से अधिक प्रगति दर्ज की गई, जिसे सराहनीय बताया गया।

जीविका से महिला सशक्तिकरण को बल: महिला सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में जीविका परियोजना की प्रगति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि नवंबर 2025 तक बड़ी संख्या में महिलाएं कृषि एवं गैर-कृषि गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। बैंक सखियों के माध्यम से जिले में वित्तीय समावेशन को भी मजबूती मिली है।

आवास, सड़क और स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा : प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लिए स्वीकृत आवासों की स्थिति पर चर्चा हुई मंत्री ने सर्वे के अनुसार सूची का शीघ्र सत्यापन पूरा कराने का निर्देश दिया। ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान सड़क मरम्मती से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन अगली बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता को दिया गया। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले द्वारा लक्ष्य से अधिक उपलब्धि प्राप्त करने की जानकारी दी गई। आयुष्मान भारत योजना एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में भी प्रगति दर्ज की गई।
पेयजल, कृषि और किसानों से जुड़े निर्देश: जल जीवन मिशन के तहत जिले के अधिकांश घरों में नल से जलापूर्ति सुनिश्चित किए जाने की जानकारी दी गई। मंत्री ने जल मीनारों की नियमित जांच और साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया।कृषि योजनाओं की समीक्षा में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी लगभग पूर्ण होने की जानकारी दी गई। वहीं खराब बीज से फसल क्षति की शिकायत पर संबंधित विभाग को जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: सांसद गिरिराज सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने लंबित कार्यों, ग्रामीण सड़कों एवं आवास निर्माण को समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित: बैठक में गन्ना मंत्री बिहार सरकार-सह-बखरी विधायक संजय पासवान, जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, विधान पार्षद उर्मिला ठाकुर, विधायक कुंदन कुमार, रजनीश कुमार, नरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह, अभिशेक आनंद, जिला परिषद अध्यक्ष सुरेन्द्र पासवान, उप विकास आयुक्त सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





Total views : 68975










