95:95:99 लक्ष्य प्राप्ति को लेकर जिला स्तर पर माइक्रो प्लानिंग बैठक संपन्न
बेगूसराय। 21 फ़रवरी। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ |
बेगूसराय जिले में एचआईवी नियंत्रण के क्षेत्र में 1 दिसंबर 2026 तक 95:95:99 लक्ष्य हासिल करने के उद्देश्य से विशेष पहल शुरू की गई है। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के निर्देशानुसार होली पर्व पर घर लौटने वाले प्रवासी श्रमिकों की एचआईवी एवं सिफलिस जांच के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में सदर अस्पताल बेगूसराय में जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. राजू कुमार की अध्यक्षता में माइक्रो प्लानिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के 15 स्थानों को जांच अभियान के लिए चिन्हित किया गया।
24 फरवरी से बेगूसराय रेलवे स्टेशन से अभियान की शुरुआत: कार्यक्रम की शुरुआत 24 फरवरी को बेगूसराय रेलवे स्टेशन से की जाएगी। यह जांच अभियान 24 फरवरी से 10 मार्च तक विभिन्न चयनित स्थलों पर संचालित होगा। इस दौरान प्रवासियों की स्वैच्छिक एवं गोपनीय एचआईवी और सिफलिस जांच की जाएगी, ताकि संक्रमण की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
विभिन्न योजनाओं के कर्मियों की जिम्मेदारी तय: कार्यक्रम की सफलता के लिए एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े कर्मियों के साथ-साथ बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति द्वारा संचालित लक्षित हस्तक्षेप परियोजना, लिंक वर्कर स्कीम, सीएससी और प्रिजन कार्यक्रम के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की गई है। बैठक में प्रभारी डीआईएस संतोष कुमार संत, बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति के कार्यपालक निदेशक इ. कौशलेंद्र कुमार, एआरटी डाटा मैनेजर आशीष पाठक, लक्षित हस्तक्षेप परियोजना के प्रबंधक पौरुष कुमार, लिंक वर्कर स्कीम के सुजीत कुमार तथा सीएससी के राजीव कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने अपने सुझाव रखे।
जागरूकता के साथ रोकथाम पर जोर: स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में प्रवासियों की आवाजाही होती है। इसलिए इस अवधि में जांच एवं परामर्श सेवाओं को मजबूत करना संक्रमण की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस पहल से जिले में एचआईवी नियंत्रण अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।







Total views : 71202