बेगूसराय | 29 दिसंबर 2025 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
गांधी स्टेडियम में रोमांचक मुकाबला: सोमवार को गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में खेले गए बेगूसराय प्रीमियर लीग (BPL) सीजन-9 के तीसरे मुकाबले में मटिहानी वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए किंग्स इलेवन बेगूसराय को 49 रनों से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मटिहानी वॉरियर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए।
मोहित दिनेश की धमाकेदार पारी: मटिहानी वॉरियर्स की ओर से मोहित दिनेश ने शानदार 71 रन की पारी खेली, जबकि आशीष बर्मन ने 20 रनों का योगदान दिया। वहीं, किंग्स इलेवन बेगूसराय की ओर से गेंदबाजी में हर्ष ने 3 विकेट और रितिक ने 2 विकेट झटके।
120 रन पर सिमटी किंग्स इलेवन: लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स इलेवन बेगूसराय की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर मात्र 120 रन ही बना सकी। टीम की ओर से लेखा उल्लाह ने सर्वाधिक 52 रन और अंकित ने 19 रन बनाए। मटिहानी वॉरियर्स की गेंदबाजी में अंकुर ने 4 विकेट और अजिंक्य ने 2 विकेट लेकर विपक्षी टीम को दबाव में रखा। मैच से पूर्व बेगूसराय की मेयर पिंकी देवी, पूर्व मेयर संजय सिंह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सावन कुमार, जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश एवं बीपीएल के मुख्य संरक्षक निरंजन कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर मेयर पिंकी देवी ने कहा कि खेल से मानसिक और शारीरिक विकास संभव है, इसलिए युवाओं को खेलों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। वहीं, डॉ. सावन कुमार ने खेल को अनुशासन और जीवन मूल्यों का आधार बताया।
अंकुर बने मैन ऑफ द मैच: शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए अंकुर को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। यह सम्मान जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश, मुख्य संरक्षक निरंजन कुमार सिंह एवं अरुण कुमार ने संयुक्त रूप से प्रदान किया। बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के मीडिया प्रभारी विवेक कुमार ने जानकारी दी कि 30 दिसंबर 2025 को अगला मुकाबला नौला नाइट राइडर्स बनाम मटिहानी वॉरियर्स के बीच खेला जाएगा।





Total views : 68975










