बेगूसराय, 5 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भाकपा (माले) ने समाहरणालय के समक्ष आमरण अनशन कर रहे होमगार्ड अभ्यर्थियों पर कथित लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को विरोध मार्च निकाला। यह मार्च पार्टी कार्यालय कमलेश्वरी भवन से निकलकर समाहरणालय गेट पर सभा में बदल गया।
लोकतंत्र पर हमला बताया: सभा को संबोधित करते हुए माले के जिला सचिव दिवाकर प्रसाद ने कहा कि आठ माह पहले चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद होमगार्ड अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने के बजाय प्रक्रिया ही रद्द कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने आंदोलनकारी अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर हर्ल ले जाकर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई महिला और पुरुष अभ्यर्थी घायल हुए हैं। उन्होंने इस घटना को लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ बताया।
अभ्यर्थियों की रिहाई और नियुक्ति की मांग: नेताओं ने राज्य और केंद्र सरकार से जिम्मेदार अधिकारियों को बर्खास्त करने, जेल में बंद आंदोलनकारियों की बेशर्त रिहाई और चयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति पत्र देकर प्रशिक्षण में भेजने की मांग की। कार्यक्रम में किसान महासभा के जिला सचिव बैजू सिंह, जिलाध्यक्ष नवल किशोर सिंह, जसम के राज्य सचिव दीपक सिन्हा, नगर सचिव राजेश श्रीवास्तव, आईसा जिलाध्यक्ष सोनू फर्नाज, विशाल पासवान, इंसाफ मंच के एहतेशाम अहमद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।






Total views : 72910