बेगूसराय | 14 जनवरी, 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में जिले का मकर संक्रांति महोत्सव–2026 गंगा नदी के पावन तट स्थित सिमरिया धाम में हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ आयोजित किया गया। महोत्सव ने जिले की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी बेगूसराय श्रीकांत शास्त्री द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, नगर आयुक्त सहित कई वरिष्ठ जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बिहार गान से हुई, जिसने माहौल को सांस्कृतिक गरिमा से भर दिया।

🎶 लोकगीत और लोकनृत्य ने बांधा समां: बिहार गान के उपरांत जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी तथा उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बिट्टू कुमार सिंह द्वारा अतिथियों का हरित पौधा एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया।इसके बाद मिथिलांचल संगीत महाविद्यालय के कलाकारों ने मनमोहक लोकगीतों की प्रस्तुति दी, वहीं साक्षी नृत्य समूह द्वारा बिहार के पारंपरिक लोकनृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोककला की इस सुंदर प्रस्तुति की उपस्थित अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।

🪁 पारंपरिक खेल और दही-चूड़ा भोज रहा आकर्षण: महोत्सव के विशेष आकर्षण के रूप में पतंग उत्सव, गिल्ली-डंडा, रस्साकशी, रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता तथा पारंपरिक दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक इन गतिविधियों में भाग लिया।
🏅 प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित: कार्यक्रम के समापन अवसर पर सांस्कृतिक कलाकारों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।मकर संक्रांति महोत्सव–2026 ने सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और लोक परंपराओं के संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।






Total views : 68940










