पटना | 6 जनवरी 2026। शुक्रवार | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शुक्रवार को एक गंभीर हादसा होते-होते बच गया। सदन की कार्यवाही में शामिल होने जा रहे विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) उस समय बाल-बाल बच गए, जब विधानसभा भवन की बालकनी की छत का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। संयोगवश जिस समय मलबा गिरा, स्पीकर उस स्थान से सुरक्षित दूरी पर थे।घटना के बाद विधानसभा परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनज़र संबंधित मार्ग को तत्काल बंद कर दिया गया और सदस्यों की आवाजाही रोक दी गई।
हाल ही में हुआ था भवन का रिनोवेशन: गौरतलब है कि बिहार विधानसभा भवन का कुछ महीने पहले बड़े पैमाने पर जीर्णोद्धार कराया गया था, जिस पर सरकार की ओर से लाखों रुपये खर्च किए गए थे। ऐसे में हालिया घटना ने निर्माण गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विपक्ष ने सरकार को घेरा, जांच की मांग: घटना को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मौके पर मौजूद राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि छत का हिस्सा अंदर गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने इसे सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए सरकार से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की।






Total views : 69900