जिला विधिक सेवा प्राधिकार के बैनर तले आर्यभट्ट इंस्टीट्यूट में हुआ कार्यक्रम
बेगूसराय|10 जनवरी 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
लोहिया नगर स्थित आर्यभट्ट इंस्टीट्यूट के प्रांगण में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के बैनर तले नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव विषय पर एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विधि छात्र अभिषेक आनंद ने की।
अतिथियों का सम्मान, कार्यक्रम की हुई विधिवत शुरुआत: कार्यक्रम की शुरुआत में आर्यभट्ट इंस्टीट्यूट के निदेशक एवं चंपा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य अशोक कुमार अमर ने सभी अतिथियों का अंग वस्त्र एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मान किया। इसके बाद विषय प्रवेश करते हुए अध्यक्ष अभिषेक आनंद ने छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को नशीली दवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों से अवगत कराया।

नशा समाज के लिए अभिशाप : न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्य : मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि “नशा समाज के लिए एक अभिशाप है और इससे मुक्त समाज का निर्माण हम सभी की जिम्मेदारी है।” उन्होंने बच्चों को देश का उज्ज्वल भविष्य बताते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

युवा दिवस और स्वामी विवेकानंद के विचारों से जुड़ा संदेश: न्यायाधीश आर्य ने कहा कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती युवा दिवस के रूप में मनाई जाती है। उनके विचारों और सिद्धांतों को अपनाकर ही एक स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने बच्चों से संकल्प लेने को कहा कि वे अपने जीवन में कभी नशे को स्थान नहीं देंगे।
नशीली दवाओं से बच्चों का भविष्य हो रहा प्रभावित : न्यायाधीश ने बताया कि वर्तमान में जिले और राज्य में स्मैक एवं ड्रग्स जैसे सूखे नशे का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है, जिसकी चपेट में छोटे-छोटे बच्चे भी आ रहे हैं। इससे उनके मानसिक विकास पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें, क्योंकि नशे के आदान-प्रदान में बच्चों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे उनका भविष्य बर्बाद हो रहा है।
एनडीपीएस और पोक्सो मामलों में नशे की भूमिका: न्यायाधीश आर्य ने बताया कि न्यायालय में आने वाले एनडीपीएस एवं पोक्सो मामलों में नशा एक प्रमुख कारण बनकर सामने आ रहा है। उन्होंने महात्मा गांधी और स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाकर अच्छे नागरिक बनने का संदेश दिया तथा अकबर के दरबार की एक प्रेरक कथा के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम समझाए।
निशुल्क कानूनी सहायता की दी गई जानकारी: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एलएडीसी के असिस्टेंट अशोक कुमार झा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा प्रदान की जाने वाली निशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी।वहीं शैलेश कुमार एवं प्रभात कुमार सिन्हा ने नशे से जुड़ी शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी देते हुए नालसा एवं बालशा की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
नशामुक्ति की शपथ के साथ कार्यक्रम का समापन: कार्यक्रम के अंत में संस्थान के निदेशक अशोक कुमार अमर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और छात्रों से समाज में नशा विरोधी जागरूकता फैलाने की अपील की।इस अवसर पर शिक्षक बृजेंद्र कुमार, रोशन कुमार, विधि छात्र-छात्राएं, पत्रकार मनोज साहनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी ने नशा एवं नशीली दवाओं से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की शपथ ली।






Total views : 68940










