सिमरिया (बेगूसराय), 27 सितंबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आज सिमरिया घाट स्थित सरकारी धर्मशाला परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय राजस्व अधिकारी राम विनोद कुमार ठाकुर ने की।

सिमरिया को विश्व पर्यटन स्थल बनाने की ओर प्रयास : इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव न्यायाधीश करूणानिधि प्रसाद आर्या ने कहा कि सिमरिया गंगा तट उत्तर बिहार का महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक धाम है, जो विश्व पर्यटन स्थल बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि यहां प्रतिवर्ष कल्पवास मेला आयोजित होता है, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु गंगा स्नान एवं आराधना के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार लगातार सिमरिया गंगा तट पर सुविधाओं के विस्तार हेतु कार्य कर रही है। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से यहां के स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। साथ ही उन्होंने गंगा की सफाई पर विशेष बल देते हुए कहा कि स्थानीय लोग भी अपने स्तर पर इस पवित्र धरोहर को स्वच्छ रखने में योगदान दें।
विधिक सेवाओं और लोक अदालत की जानकारी: न्यायाधीश आर्या ने उपस्थित लोगों को नालसा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और आगामी 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि लोगों की समस्याओं के समाधान हेतु प्राधिकार हमेशा तत्पर है।
गंगा तट पर परंपरा और सांस्कृतिक विरासत: वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता सुबोध कुमार झा ने सिमरिया गंगा तट की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यहां कार्तिक महीने में आयोजित होने वाली गंगा आरती एक महीना तक चलती है, जिसमें विदेशों से भी श्रद्धालु और पर्यटक शामिल होते हैं।
स्थानीय पीएलभी का योगदान: कार्यक्रम में स्थानीय पीएलभी पिंकी कुमारी ने लोगों को नालसा, बालसा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की योजनाओं की जानकारी दी। मौके पर सहायक इंद्रसेन शर्मा, शैलेश कुमार, प्रभात कुमार सिन्हा, थर्ड जेंडर एवं पीएलभी बबली कुमारी भी उपस्थित रहीं।






Total views : 63010