बेगूसराय, 10 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के गणेशदत्त महाविद्यालय (जीडी कॉलेज) परिसर में छात्र पर हुए चाकू से जानलेवा हमले के मामले को लेकर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडेय को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, विज्ञान संकाय के छात्र अमीतेश कुमार पर दिनांक 09 मार्च 2026 को लगभग दोपहर 2:00 बजे कॉलेज परिसर में चाकू से हमला किया गया। इस घटना को छात्र संगठनों ने बेहद गंभीर और चिंताजनक बताया है।
अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग: भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से अविलंब अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। संगठन का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व कॉलेज परिसर में सूखा नशा और अन्य गलत गतिविधियों को अंजाम देने के लिए आते हैं, और जब छात्र इसका विरोध करते हैं तो इस तरह की घटनाएं होती हैं।
पहले भी दी गई थी सूचना: एनएसयूआई नेताओं ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों की सूचना पहले भी विभिन्न स्तरों पर कॉलेज प्रशासन को दी गई थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण आज एक छात्र की जान खतरे में पड़ गई।
आंदोलन की चेतावनी: छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए संगठन ने प्रशासन से कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन अनिश्चितकालीन धरना और प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। मौके पर एनएसयूआई संगठन अध्यक्ष राजा कुमार और राज्य महासचिव निशांत कुमार सहित अन्य छात्र नेता भी उपस्थित थे।








Total views : 73450