हरियाणा ने मणिपुर को 2-1 से हराया जबकि आंध्रप्रदेश की टीम ने दिल्ली को 3-1 से हराया।
बेगूसराय। 07 मई, 2025
खेलो इंडिया यूथ गेम के तहत बेगूसराय में हो रहे फुटबाल मैच के तीसरे दिन सुबह में महिला ग्रुप बी वर्ग का दो मैच खेला गया।यमुना भगत स्टेडियम, खेल गांव बरौनी, तेघड़ा में मणिपुर एवं हरियाणा के बीच मैच खेला गया जबकि आईओसीएल बरौनी रिफाइनरी स्टेडियम में दिल्ली एवं आंध्र प्रदेश की टीमों के बीच मुकाबला हुआ।

मणिपुर एवं हरियाणा के बीच हुए कांटे की टक्कर में हरियाणा ने मणिपुर को 2-1 से हराया। हरियाणा की ओर से सिमरिन ने पहले हाफ के 40 वें मिनट में पहला गोल किया तथा दूसरे हाफ में कप्तान पूजा ने 69 वें मिनट में दूसरा गोल किया। जवाब में हरियाणा की टीम की तरफ से दूसरे हाफ के 51 वें मिनट में नेमइरापम अरिना देवी ने पहला गोल किया। हरियाणा की गोलकीपर अंकुश को मैच रेफरी ने 47 वें मिनट में यलो कार्ड दिया, जबकि मणिपुर के नेमइरापम अरिना देवी को 62 वें मिनट में मैच रेफरी ने यलो कार्ड दिया।

दूसरा मैच दिल्ली और आंध्रपदेश के बीच भी काफी रोमांचक रहा। आंध्रपदेश की टीम ने दिल्ली को 3-1 से हराया। पहले हाफ में दोनों टीमों की तरफ से एक-एक गोल दागे गये।आंध्रप्रदेश की कप्तान मंडल अंशु ने दो गोल दागे। पहले हाफ के 42 वें मिनट में पहला गोल किया तथा 82 वें मिनट पर दूसरा गोल किया। इरूकला साई वर्णिता ने मैच के आखिरी समय में 90+4 मिनट पर तीसरा और अंतिम गोल किया।

वहीं दिल्ली की तरफ से पहले हाफ में नितीका नेकी ने 45 वें मिनट पर पहला गोल किया। हरियाणा की खिलाड़ी इरूकला साई वर्णिता को 65 वें मिनट पर मैच रेफरी ने यलो कार्ड दिया। दोनों मैच रोमांच से भरा रहा, दर्शकों के साथ-साथ मैदान पर आये स्कूल के बच्चे-बच्चियां भी फुटबॉल मैच का खूब लूप्त उठा रहे है। बेगूसराय में हो रहा यह आयोजन युवाओं को प्रेरित कर रहा है साथ ही खेल विद्या से जोड़ रहा है।