बेगूसराय की निकिता रही फर्स्ट रनर-अप जबकि पटना की खुशी सिंह सेकेंड रनर-अप रहीं।
पटना। 12 अप्रैल 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राजधानी पटना स्थित NIFT कैंपस में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया के आधिकारिक स्टेट ऑडिशन में बिहार की प्रतिभाओं ने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में खगड़िया की रुपाली भूषण ने बाजी मारते हुए मिस यूनिवर्स बिहार 2026 का खिताब अपने नाम किया। वहीं, प्रीति राज को मिस टीन बिहार 2026 घोषित किया गया। इस आयोजन में राज्य के कोने-कोने से आई प्रतिभागियों ने भाग लिया, जहां कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच रुपाली ने अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास से जजों को प्रभावित किया। अब वे सीधे मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 में बतौर फाइनलिस्ट बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगी।

रनर-अप प्रतिभागियों ने भी दिखाया दम: प्रतियोगिता में बेगूसराय की निकिता ने फर्स्ट रनर-अप का स्थान हासिल किया, जबकि पटना की खुशी सिंह सेकेंड रनर-अप रहीं। सभी प्रतिभागियों ने मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए बिहार की उभरती प्रतिभा को दर्शाया।
तीसरी बार बिहार में हुआ आधिकारिक ऑडिशन: यह लगातार तीसरा वर्ष है जब मिस यूनिवर्स इंडिया के लिए बिहार में आधिकारिक स्टेट ऑडिशन आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में जज के रूप में मिस यूनिवर्स इंडिया के ऑनर निखिल आनंद, मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 माणिका विश्वकर्मा, मिस यूनिवर्स बिहार 2025 शाम्भवी चौधरी, डायरेक्टर अमजद खान और स्टेट डायरेक्टर नीतू कुमारी मौजूद रहीं।
“बिहार में अपार प्रतिभा” – माणिका विश्वकर्मा: मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 माणिका विश्वकर्मा ने कहा कि बिहार के प्रतिभागियों में अद्भुत टैलेंट और संभावनाएं हैं। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने बिहार की संस्कृति और लिट्टी-चोखा की भी सराहना की।
राष्ट्रीय मंच तक पहुंच का सुनहरा अवसर: मिस यूनिवर्स इंडिया के ऑनर निखिल आनंद ने बताया कि राज्य स्तर के विजेता को सीधे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रवेश मिलता है। यह मंच युवतियों को अपने करियर को नई दिशा देने और अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने का अवसर प्रदान करता है।
सुष्मिता सेन और लारा दत्ता से प्रेरणा: स्टेट डायरेक्टर नीतू कुमारी ने कहा कि मिस यूनिवर्स जैसे मंच ने सुष्मिता सेन (1994) और लारा दत्ता (2000) जैसी हस्तियों को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल सुंदरता ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व और क्षमता का भी मंच है।
कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी: इस कार्यक्रम का आयोजन संभ्रांत सिटी, सिटी कार्ट और एमिनो पेट केयर के सहयोग से किया गया। मौके पर मिस यूनिवर्स इंडिया के नेशनल पीआर हेड सर्वेश कश्यप और मिस टीन अर्थ इंडिया 2024 तनिष्का शर्मा भी उपस्थित रहीं।
मुख्य विजेता (Winners List)
मिस यूनिवर्स बिहार 2026 – रुपाली भूषण (खगड़िया)
फर्स्ट रनर-अप – निकिता (बेगूसराय)
सेकेंड रनर-अप – खुशी सिंह (पटना)
मिस टीन बिहार 2026 – प्रीति राज








Total views : 79630