बेगूसराय, 08 दिसंबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़। आज सुबह पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति तथा बेगूसराय न्याय मंडल के निरीक्षी न्यायमूर्ति शशि भूषण प्रसाद सिंह एडीआर भवन पहुँचे, जहाँ उन्होंने आगामी 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए तैयार किए गए डिजिटल प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन बलिया, मंझौल, बखरी और तेघरा अनुमंडलों में जन-जागरूकता फैलाएगा।

राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक भागीदारी पर जोर : इस अवसर पर न्यायमूर्ति शशि भूषण प्रसाद सिंह ने कहा कि 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक पक्षकारों की उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु डिजिटल प्रचार वाहन को रवाना किया जा रहा है। उन्होंने जिले के सभी न्यायिक पदाधिकारियों को सुलहनीय वादों के त्वरित निपटारे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण और नए सुविधाओं का उद्घाटन: निरीक्षी न्यायमूर्ति ने बलिया, मंझौल और बखरी अनुमंडल न्यायालय का निरीक्षण किया। साथ ही इन न्यायालय परिसरों में—ई-सेवा केंद्र, क्रैच सेंटर (पालना घर), फीडिंग रूम का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि अब आम लोग अपने मुकदमों की पूरी जानकारी ई-सेवा केंद्र से आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।महिलाओं की सुविधा के लिए पालना घर और फीडिंग रूम की शुरुआत की गई है, जहाँ छोटे बच्चों के रहने, खेलने और देखभाल की व्यवस्था उपलब्ध होगी।
जिला न्यायालय प्रशासन की प्रतिक्रिया:प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत ने बताया कि निरीक्षी न्यायमूर्ति ने आज बेगूसराय के सभी अनुमंडल न्यायालयों का निरीक्षण किया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव न्यायाधीश करुणा निधि प्रसाद आर्य ने कहा कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु आज प्रचार वाहन को सभी अनुमंडलों के लिए रवाना किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद रहे गणमान्य: इस अवसर पर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश बृजेंद्र कुमार, एडीजे प्रथम राज नारायण निगम, पोक्सो कोर्ट की स्पेशल जज दिव्या सेखर, एडीजे सुनील कुमार चौबे, राकेश कुमार, सबा आलम, नवीन कुमार श्रीवास्तव, अरुण कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कविता कुमारी, एसडीजेएम रूबी कुमारी, जिला प्रशासन की ओर से एडीएम ब्रिज किशोर चौधरी, कार्यालय अधीक्षक शशि कुमार, नाजीर जयप्रकाश, नायब नाजिर अभिनव कुमार सहित कई न्यायिक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला अधिवक्ता संघ के ध्रुव कुमार महतो, विजयकांत झा, वकील संघ के अध्यक्ष संजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और आमजन कार्यक्रम का हिस्सा बने।







Total views : 63019