पटना | 4 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार पारा स्पोर्ट्स एसोसिएशन, स्पेशल ओलंपिक्स बिहार एवं बिहार दिव्यांग खेल अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में बिहार स्टेट पारा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप एवं चयन ट्रायल–2026 का आयोजन रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रतियोगिता बी.पी. सिन्हा फिजिकल कॉलेज मैदान, राजेंद्र नगर, पटना में सुबह 10 बजे से आयोजित की गई।

प्रतियोगिता का हुआ भव्य उद्घाटन: राज्य स्तरीय इस चैंपियनशिप का शुभारंभ मुख्य अतिथि मधु श्रीवास्तव (अधिवक्ता सह अध्यक्ष, सिविल सोसायटी फोरम), डॉ. राजीव गंगौल (समाजसेवी सह अध्यक्ष, पाटलिपुत्रा पेरेंट्स एसोसिएशन) तथा संदीप कुमार (सचिव, बिहार पारा स्पोर्ट्स एसोसिएशन) के द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

बेगूसराय के जोशी कुमार का शानदार प्रदर्शन: कड़े मुकाबलों के बीच बेगूसराय का प्रतिनिधित्व कर रहे जोशी कुमार ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय पारा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया।
50 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा: इस राज्य स्तरीय चैंपियनशिप एवं चयन ट्रायल में बिहार के विभिन्न जिलों से आए 50 से अधिक सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के पुरुष एवं महिला पारा पावरलिफ्टिंग खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर प्रत्येक भार वर्ग में श्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया गया।
राष्ट्रीय स्तर पर करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व: चयनित सभी पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी 16 से 18 जनवरी 2026 तक रुड़की (उत्तराखंड) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पारा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बेगूसराय में खुशी की लहर: जोशी कुमार की इस उपलब्धि पर बेगूसराय के खेल प्रेमियों एवं समाजसेवियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं दीं। लोगों ने कहा कि बेगूसराय के दिव्यांग खिलाड़ी किसी से कम नहीं हैं और जोशी कुमार ने कड़ी मेहनत व आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।






Total views : 68940










