बेगूसराय | 25 फ़रवरी 2026।नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राज्य स्तर पर संचालित एचआईवी / एड्स जागरूकता अभियान के तहत दूसरे दिन बेगूसराय रेलवे स्टेशन परिसर में इंटेंसिफाइड हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 322 लोगों की एचआईवी एवं सिफलिस की जांच की गई। साथ ही, जांच के उपरांत सभी लाभार्थियों को चिकित्सीय परामर्श और आवश्यक निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।इसके अतिरिक्त, शिविर में ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और वजन मापने की सुविधा भी दी गई, जिससे आम लोगों को समग्र स्वास्थ्य जांच का लाभ मिल सका।

95-95-99 लक्ष्य की ओर कदम: कार्यक्रम का उद्देश्य National AIDS Control Organization (नाको) द्वारा निर्धारित 95-95-99 लक्ष्य की प्राप्ति है। इस लक्ष्य के अनुसार 1 दिसंबर 2026 तक 95% संभावित लोगों को अपनी एचआईवी स्थिति की जानकारी होनी चाहिए। वहीं, संक्रमित पाए गए 95% लोगों का उपचार एआरटी सेंटर से प्रारंभ हो तथा उपचाराधीन 99% लोगों का वायरल लोड परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ऐसे विशेष शिविर इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कई विभागों का मिला सहयोग: शिविर की सफलता में प्रभारी पर्यवेक्षक संतोष कुमार संत, लैब टेक्नीशियन शंभू दास, बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति के परियोजना प्रबंधक पौरुष कुमार, परामर्शी अंबिका कुमारी क्षेत्रीय कार्यकर्ता लक्ष्मी देवी, आशुतोष कुमार, ओंकार सिंह, लिंक वर्कर स्कीम, सीएससी एवं प्रिजन कार्यक्रम के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने अपना योगदान दिया। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे एचआईवी जांच को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति न रखें और समय-समय पर अपनी जांच अवश्य कराएं।







Total views : 71874