बेगूसराय | 2 अप्रैल 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले के प्राथमिक विद्यालय बंदूआर मुसहरी में 2 अप्रैल 2026 को प्रारंभिक दीक्षांत समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
मुख्य अतिथियों ने छात्रों को किया प्रोत्साहित: कार्यक्रम का उद्घाटन एसबीआई के ब्रांच मैनेजर मुकेश कुमार ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बीईएसटीए जिला अध्यक्ष मुकेश मिश्रा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षक नेता अमरेंद्र कुमार एवं प्रमुख दीक्षांतकर्ता के रूप में बीआरपी राजेश कुमार मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजीव कुमार ने की और मंच संचालन प्रशांत कुमार ‘पिंटू’ ने किया।
छात्रों को दी गई नई दिशा और शुभकामनाएं: इस अवसर पर अमरेंद्र कुमार सिंह (जेपी सेनानी एवं राष्ट्रीय सचिव, संपूर्ण क्रांति मोर्चा) ने कहा कि दीक्षांत समारोह छात्रों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विदाई के साथ नई दिशा और प्रेरणा देना आवश्यक है, जिससे वे आगे बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
अतिथियों ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की: अध्यक्षीय संबोधन में मुकेश कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए छात्रों को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं पूर्व प्रभारी राजीव कुमार ने पांचवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे विद्यालयों में नामांकन हेतु प्रेरित किया।कार्यक्रम में सुनील कुमार ने कहा कि “हमारे बच्चे ही हमारा भविष्य हैं”, इसलिए उनके समुचित मार्गदर्शन की आवश्यकता है।
समारोह में शिक्षकों और अभिभावकों की रही भागीदारी: कार्यक्रम में अमित देव, ऋषि, रामकरण चौरसिया, पिंकी कुमारी समेत कई शिक्षकों और अभिभावकों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर छात्रों का उत्साहवर्धन किया और उनके बेहतर भविष्य की कामना की।






Total views : 78089